पुणे : महाराष्ट्र में वर्ष 2026-27 के गन्ना पेराई सीजन के लिए चीनी आयुक्तालय ने आवश्यक शर्तों और मानदंडों को पूरा करने वाली 200 चीनी मिलों को पेराई लाइसेंस मंजूर किए हैं। चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने गन्ना किसानों से अपील की है कि वे बिना आधिकारिक पेराई लाइसेंस वाली चीनी मिलों को अपना गन्ना न दें। गन्ना आपूर्ति का नियोजन करने से पहले संबंधित मिल के पास वैध लाइसेंस होने की पुष्टि अवश्य करें। इस वर्ष पेराई सीजन के लिए लाइसेंस प्राप्त करने वाली 200 चीनी मिलों में 99 सहकारी और 101 निजी चीनी मिलें शामिल हैं। चीनी आयुक्तालय ने इन सभी लाइसेंस प्राप्त मिलों की आधिकारिक सूची अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी है।
इस संबंध में चीनी सहसंचालक (विकास) महेश झेंडे ने बताया कि, किसानों को केवल उन्हीं चीनी मिलों को गन्ना देना चाहिए, जिनके पास वैध पेराई लाइसेंस है। बिना लाइसेंस या अनधिकृत चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति करने पर किसानों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी होने की आशंका है। इसलिए गन्ना भेजने से पहले संबंधित चीनी मिल का लाइसेंस जांचना आवश्यक है। लाइसेंस प्राप्त चीनी मिलों की विस्तृत और अद्यतन सूची चीनी आयुक्तालय की आधिकारिक वेबसाइट https://mahasugar.in पर उपलब्ध है। चीनी आयुक्तालय ने किसानों से वेबसाइट पर जाकर संबंधित मिल के पेराई लाइसेंस की पुष्टि करने और उसके बाद ही अपने गन्ने की आपूर्ति का नियोजन करने की अपील की है।


















