कर्नाटक : अल नीनो की मार से गन्ना किसान बेहाल; उत्पादन में गिरावट और खेती की लागत में भारी बढ़ोतरी

बेंगलुरु : अल नीनो के प्रभाव से कमजोर मानसूनी बारिश के कारण कर्नाटक में गन्ना किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बारिश की कमी से गन्ने की फसल की वृद्धि प्रभावित हुई है, वहीं खाद, मजदूरी और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से खेती की लागत भी लगातार बढ़ रही है। एबीसी न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, किसानों को कम उत्पादन और बढ़ते आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।

मैसूर जिले में किसानों ने बताया कि, बारिश की कमी के कारण गन्ने की फसल सूखी और अविकसित रह गई है। गन्ने के डंठलों से पिछले सीजन की तुलना में कम रस निकल रहा है। किसान पहलवान वेंकटेश ने बताया कि जुलाई और अगस्त में पर्याप्त बारिश नहीं होने से फसल की वृद्धि प्रभावित हुई है। इसके चलते किसानों के लिए खेती में लगाया गया पैसा वापस निकालना भी मुश्किल हो गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक और सबसे बड़ा उपभोक्ता देश है। वर्ष 2025 में अत्यधिक बारिश के कारण फसलों पर कीटों के हमले और विभिन्न बीमारियों का प्रकोप बढ़ा था, जिससे चीनी उत्पादन प्रभावित हुआ। चैथम हाउस की खाद्य प्रणाली जोखिम विशेषज्ञ भार्गबी भारद्वाज के अनुसार, जलवायु परिवर्तन से जुड़ी अनिश्चित परिस्थितियां शुरुआत में ही चीनी की कीमतों पर दबाव बना सकती हैं। इसके लिए जरूरी नहीं कि बाजार में चीनी की वास्तविक कमी भी हो। इसका असर खाद्य पदार्थों की कीमतों और आम लोगों की आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है।

संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के अनुसार, अक्टूबर में वैश्विक चीनी कीमतों में 6.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह लगातार चौथे महीने कीमतों में बढ़ोतरी है। इसके साथ ही चीनी की कीमतें पिछले वर्ष अप्रैल के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं। कर्नाटक राज्य गन्ना उत्पादक संघ के अध्यक्ष कुरुबार शांता कुमार के अनुसार, राज्य में पिछले वर्ष की तुलना में गन्ने के उत्पादन में लगभग 90 लाख टन की गिरावट का अनुमान है। उन्होंने कहा कि किसान काफी हद तक मौसम पर निर्भर हैं और अनियमित बारिश के कारण कृषि उत्पादन का प्रबंधन करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

कर्नाटक सरकार किसानों को लगभग 5 करोड़ डॉलर की आर्थिक सहायता दे रही है। इसके अलावा, चीनी मिलों को आपूर्ति किए जाने वाले प्रत्येक टन गन्ने पर 1.70 डॉलर की अतिरिक्त सहायता भी दी जा रही है। वहीं, केंद्र सरकार ने घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से 31 दिसंबर तक 10 लाख टन चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी है। इसके साथ ही इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।गन्ने की बढ़ती कीमतों का असर अब छोटे कारोबारियों पर भी दिखाई देने लगा है। मैसूर में गन्ने का रस बेचने वाले एक विक्रेता ने कच्चे माल की कीमत दोगुनी होकर 80 रुपये प्रति किलो पहुंचने के कारण एक गिलास गन्ने के रस की कीमत 10 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये कर दी है।

मिठाई बनाने वाले कारोबारियों को भी बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, कुछ कारोबारी ग्राहकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डालने के लिए बढ़ी हुई लागत खुद ही वहन कर रहे हैं। दूसरी ओर, किसान अपनी खेती की लागत निकालने को लेकर चिंतित हैं। किसान वेंकटेश के मुताबिक, गन्ने की पैदावार में गिरावट, कृषि सामग्री की बढ़ती कीमतों और कर्ज के कारण किसानों की आमदनी घट गई है। ऐसे में उनके लिए बैंक और अन्य कर्ज की किस्तें चुकाना भी मुश्किल होता जा रहा है।विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने चेतावनी दी है कि, अल नीनो की स्थिति कम से कम फरवरी 2027 तक बनी रह सकती है। इससे दुनिया के कई हिस्सों में भीषण गर्मी, सूखा और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here