केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने E20 पेट्रोल मिश्रण नीति का किया बचाव; कर्नाटक में पेट्रोल में 31% तक एथेनॉल मिलने के दावों पर उठाए सवाल

बेंगलुरु : केंद्रीय खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने केंद्र सरकार की एथेनॉल मिश्रण नीति (E20) का बचाव करते हुए दावा किया है कि, देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जांच किए गए पेट्रोल के सभी 893 नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित 19 से 21 प्रतिशत की सीमा के भीतर पाई गई है। उन्होंने कर्नाटक में पेट्रोल के नमूनों में 31 प्रतिशत तक एथेनॉल मिलने संबंधी रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए राज्य की जांच प्रक्रिया और प्रयोगशालाओं की विश्वसनीयता पर भी संदेह जताया है। द हिंदू में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस मुद्दे को लेकर केंद्र और कर्नाटक सरकार के बीच विवाद बढ़ गया है।

कर्नाटक में पेट्रोल के नमूनों में एथेनॉल की मात्रा को लेकर उठे विवाद के बीच जोशी ने 10 नवंबर को कहा कि, राज्य में तेल विपणन कंपनियों (OMCs) द्वारा जांच किए गए सभी 56 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप थे। उनके अनुसार, इन नमूनों में इथेनॉल की मात्रा 19 से 20 प्रतिशत के बीच रही, जबकि इसका औसत 19.30 प्रतिशत दर्ज किया गया।कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद पर निशाना साधते हुए जोशी ने एथेनॉल मिश्रण को लेकर आयोजित उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस को जिम्मेदार शासन की बजाय सनसनी फैलाने की कोशिश बताया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कर्नाटक में पेट्रोल के नमूनों में 31 प्रतिशत तक एथेनॉल मिलने के दावों को खारिज करते हुए जोशी ने जांच की पद्धति, उपकरणों के कैलिब्रेशन, नमूनों को पतला करने की प्रक्रिया और प्रयोगशालाओं में इस्तेमाल किए गए संदर्भ नमूनों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, कर्नाटक की प्रयोगशालाओं द्वारा जारी प्रमाणपत्रों में गैस क्रोमैटोग्राफी के माध्यम से मापे गए एथेनॉल प्रतिशत का उल्लेख तो किया गया है, लेकिन जांच की विस्तृत पद्धति की जानकारी नहीं दी गई है।

केंद्रीय मंत्री ने पेट्रोल के नमूनों में दर्ज घनत्व (Density) के आंकड़ों में अंतर का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि, जिन नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 26 से 31 प्रतिशत बताई गई, उनका घनत्व 0.742 से 0.749 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर (g/cc) के बीच था। वहीं, तेल विपणन कंपनियों द्वारा जांचे गए और E20 मानकों के अनुरूप पाए गए नमूनों का घनत्व 0.752 से 0.760 g/cc के बीच दर्ज किया गया। जोशी के अनुसार, 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल वाले पेट्रोल का घनत्व E20 पेट्रोल की तुलना में काफी अधिक होना चाहिए था, लेकिन कर्नाटक में की गई जांच के आंकड़ों में ऐसा दिखाई नहीं दिया।

उन्होंने यह भी दावा किया कि, नमूनों की जांच करने वाली प्रयोगशालाएं सरकारी राजपत्र में अधिसूचित अनुसूची-3 (Schedule III) की प्रयोगशालाओं में शामिल नहीं थीं। हालांकि, रिजवान अरशद ने 9 अक्टूबर को स्पष्ट किया था कि, संबंधित प्रयोगशालाओं को नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज (NABL) से मान्यता प्राप्त है। जोशी ने कहा कि, नमूने एकत्र करने की प्रक्रिया, नमूनों को सुरक्षित रखने और प्रयोगशालाओं के प्रमाणन में सामने आई कमियों के कारण जांच के परिणामों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।

कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी हुई थी एथेनॉल मिश्रण की पहल

केंद्र सरकार की एथेनॉल मिश्रण नीति का बचाव करते हुए जोशी ने कांग्रेस नेतृत्व वाली तत्कालीन यूपीए सरकार के कार्यकाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने याद दिलाया कि, वर्ष 2005 में तत्कालीन पेट्रोलियम मंत्री मणिशंकर अय्यर ने कहा था कि, पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध होने पर पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की मात्रा बढ़ाने की सरकार की योजना है। जोशी ने सवाल उठाया कि, जब केंद्र में कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान ही इस कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी, तो अब कर्नाटक की कांग्रेस सरकार इसका विरोध क्यों कर रही है?

गन्ना किसानों और चीनी उद्योग को मिल रहा है लाभ

एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम से चीनी उद्योग और गन्ना किसानों को होने वाले लाभों का उल्लेख करते हुए जोशी ने कहा कि, वर्ष 2014-15 से अब तक इस योजना के माध्यम से किसानों को 1.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि, इस कार्यक्रम ने गन्ने के लिए एक अतिरिक्त बाजार उपलब्ध कराया है। इससे चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति और नकदी प्रवाह में सुधार हुआ है तथा किसानों के गन्ना बकाये का समय पर भुगतान करने में मदद मिली है।जोशी के अनुसार, 20 अगस्त 2026 तक वर्ष 2025-26 के सीजन के गन्ना बकाये का लगभग 97 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका था।

उन्होंने बताया कि, 31 अगस्त 2026 तक देशभर में एथेनॉल उत्पादन के लिए उपयोग की गई कुल 30 लाख मीट्रिक टन चीनी में से 11.92 लाख मीट्रिक टन चीनी कर्नाटक की थी। इस तरह देश में एथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल की गई कुल चीनी में कर्नाटक की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत रही। इसके अलावा, वर्ष 2025-26 के आपूर्ति वर्ष के दौरान कर्नाटक की डिस्टिलरी इकाइयों को 165.89 करोड़ लीटर एथेनॉल का आवंटन किया गया था। इसमें से 97.54 करोड़ लीटर एथेनॉल गन्ने पर आधारित कच्चे माल से उत्पादित किया गया था।

एथेनॉल नीति का विरोध तो फिर अधिक आवंटन की मांग क्यों?

कर्नाटक सरकार के रुख पर सवाल उठाते हुए जोशी ने पूछा कि, यदि राज्य सरकार एथेनॉल मिश्रण को किसानों के लिए नुकसानदायक मानती है, तो वह अपने चीनी उद्योग के लिए एथेनॉल का अधिक आवंटन क्यों मांग रही है?उन्होंने दावा किया कि, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम से भारत को 1.97 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिली है। इसके साथ ही लगभग 316 लाख मीट्रिक टन कच्चे तेल के आयात का विकल्प तैयार हुआ है और करीब 952 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आई है।जोशी ने कहा कि, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम से देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होने के साथ-साथ किसानों, चीनी मिलों और पर्यावरण को भी लाभ मिल रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here