मैसूरु : कर्नाटक के पूर्व मंत्री और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुरुगेश निरानी ने राज्य सरकार और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद को चुनौती दी है कि पेट्रोल में निर्धारित 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल मिलाए जाने के आरोपों की पारदर्शी तरीके से जांच कराई जाए। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, निरानी ने कहा कि जांच के जरिए आरोपों की सच्चाई सामने आनी चाहिए। बुधवार को मैसूरु में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में निरानी ने राज्य सरकार पर एथेनॉल ब्लेंडिंग के मुद्दे का राजनीतिकरण करने और आम लोगों की चिंताओं का समाधान करने के बजाय केंद्र सरकार को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, वे एथेनॉल के मुद्दे का इस्तेमाल लोगों और मीडिया का ध्यान भटकाने के लिए कर रहे हैं, ताकि जनता की वास्तविक समस्याओं से ध्यान हटाया जा सके।
एशिया का सबसे बड़ा एथेनॉल उत्पादक होने का दावा
निरानी ने दावा किया कि, वह एशिया के सबसे बड़े एथेनॉल उत्पादक हैं और उनके उद्योगों में प्रतिदिन कुल 28 लाख लीटर एथेनॉल का उत्पादन होता है। उन्होंने बताया कि, एथेनॉल की कीमत लगभग 62 रुपये प्रति लीटर है, जबकि बुधवार को दिल्ली में डीलरों के लिए पेट्रोल की कीमत 69.80 रुपये प्रति लीटर थी। इस कीमत में माल ढुलाई और तेल विपणन कंपनियों का मार्जिन भी शामिल है। निरानी ने तर्क दिया कि, पेट्रोल में अधिक एथेनॉल मिलाने से न तो तेल विपणन कंपनियों को और न ही पेट्रोल पंप संचालकों को कोई वित्तीय लाभ होगा।
पेट्रोल पंपों और तेल कंपनियों के ईंधन नमूनों की जांच की मांग
निरानी ने सुझाव दिया कि, मंत्री रिजवान अरशद को जिला अधिकारियों, तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों और प्रयोगशालाओं के वैज्ञानिकों की समितियां गठित करनी चाहिए। इन समितियों के माध्यम से पेट्रोल पंपों से ईंधन के नमूने एकत्र किए जाएं और उनकी वैज्ञानिक जांच कराई जाए। यदि निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिलाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित पेट्रोल पंपों या तेल विपणन कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
एथेनॉल मिश्रण से माइलेज में 4% तक गिरावट की बात स्वीकार की
निरानी ने स्वीकार किया कि, पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने से वाहनों के माइलेज में लगभग 4 प्रतिशत तक कमी आ सकती है। इसके अलावा, E10 या E20 ईंधन के अनुकूल नहीं होने वाले पुराने वाहनों में घिसावट और टूट-फूट बढ़ने की आशंका भी रहती है। हालांकि, उन्होंने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम का बचाव करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया और पूर्व सोवियत क्षेत्र में जारी संघर्षों के बीच इथेनॉल भारत को ऊर्जा संबंधी चुनौतियों से निपटने में मदद कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि यदि पेट्रोल में इथेनॉल का मिश्रण नहीं किया जाता, तो भारत में पेट्रोल की कीमत 125 रुपये प्रति लीटर से भी अधिक हो सकती थी। उनके अनुसार, इस कार्यक्रम से देश के विदेशी मुद्रा भंडार की बचत भी हो रही है।
नितिन गडकरी को फायदा पहुंचाने के आरोपों पर दिया जवाब
एथेनॉल नीति को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किए जाने के आरोपों पर निरानी ने कहा कि, एथेनॉल उत्पादन किसी एक व्यक्ति या कंपनी तक सीमित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि, गडकरी और उनके सहयोगियों की कंपनियां मिलकर अधिकतम 2 लाख लीटर एथेनॉल का उत्पादन करेंगी, जबकि उनके अपने उद्योगों का उत्पादन प्रतिदिन 28 लाख लीटर है।
निरानी के अनुसार, देशभर में एथेनॉल उत्पादन करने वाले 500 से अधिक उद्योग हैं, जिनकी कुल उत्पादन क्षमता 2,040 करोड़ लीटर है। इस क्षेत्र से कंपनियों के साथ-साथ एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ना, मक्का और धान की आपूर्ति करने वाले किसानों को भी लाभ मिल रहा है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक सी. एस. निरंजन कुमार, कर्नाटक भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. अनिल थॉमस, पूर्व महापौर सतीश स्वामी, केबल महेश और महेश राजे उर्स सहित कई नेता उपस्थित थे।

















