अल नीनो से भारत के E20 एथेनॉल लक्ष्य पर संकट, 2026-27 में ब्लेंडिंग घटकर 15% तक पहुंचने की आशंका : मिडिया रिपोर्ट

नई दिल्ली : भारत के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। फाइनेंशियल एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के अनुसार, अल नीनो के कारण मौसम में संभावित बदलाव और कृषि उत्पादन पर पड़ने वाले असर से एथेनॉल बनाने के लिए आवश्यक कच्चे माल (फीडस्टॉक) की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। भारत ने निर्धारित समय से पहले पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिश्रण (E20) का लक्ष्य हासिल कर लिया है। हालांकि, उद्योग जगत के सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2026-27 के आपूर्ति वर्ष में इस लक्ष्य को बनाए रखना मुश्किल हो सकता है और एथेनॉल मिश्रण की दर घटकर लगभग 15% तक पहुंच सकती है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर 2026 में शुरू हुए आपूर्ति वर्ष के दौरान कच्चे माल की सीमित उपलब्धता एथेनॉल की आपूर्ति को प्रभावित कर सकती है। यह स्थिति ऐसे समय में सामने आई है, जब केंद्र सरकार ने तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को ESY 2026-27 में गन्ने से प्राप्त कच्चे माल को एथेनॉल उत्पादन की ओर भेजने पर रोक लगाने का निर्देश दिया है।एथेनॉल खरीद के लिए जारी नवीनतम टेंडर में गन्ने के रस, चीनी सिरप और बी-हेवी शीरे से बनने वाले एथेनॉल को शामिल नहीं किया गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कमजोर मानसून और तेज अल नीनो की आशंका के कारण कृषि उत्पादन को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। इसके अलावा मक्का, चीनी और चावल की बढ़ती कीमतों ने भी इथेनॉल उत्पादन के लिए कच्चे माल की उपलब्धता पर दबाव बढ़ा दिया है।इन परिस्थितियों से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने के भारत के प्रयासों को झटका लग सकता है।

एथेनॉल कार्यक्रम से विदेशी मुद्रा की बड़ी बचत

भारत ने वर्ष 2003 में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करना, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करना और किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराना था। भारत ने पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य निर्धारित वर्ष 2030 से काफी पहले हासिल कर लिया। इस कार्यक्रम से देश को बड़े आर्थिक लाभ भी हुए हैं। जुलाई में जारी प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2014 से एथेनॉल मिश्रण के माध्यम से भारत ने 1.9 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा बचाई है। वहीं, किसानों को लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई है।

सरकार ने जैव ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए चुनिंदा वाहनों में E85 और E100 जैसे अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधनों की शुरुआत भी की है। हालांकि, यदि कृषि उत्पादन और कच्चे माल की उपलब्धता पर दबाव बना रहता है, तो इथेनॉल मिश्रण के निर्धारित लक्ष्य को बनाए रखना मुश्किल हो सकता है।

अल नीनो से कृषि उत्पादन प्रभावित होने की आशंका

तेज अल नीनो की संभावना ने भारत के कृषि उत्पादन को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। कमजोर मानसून के बाद कई क्षेत्रों में सूखे जैसी स्थिति पैदा हुई है। इससे मक्का, गन्ना और अन्य कृषि उत्पादों के उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नवंबर और दिसंबर 2026 के दौरान अत्यंत मजबूत अल नीनो परिस्थितियां बनने की संभावना जताई है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य संशोधित कर 373.93 मिलियन टन कर दिया है, जबकि पिछले वर्ष का लक्ष्य 362.60 मिलियन टन था। संशोधित लक्ष्य में रबी सीजन से 177.72 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान शामिल है। मौसम संबंधी अनिश्चितताओं का असर खाद्य सुरक्षा और जैव ईंधन उद्योग दोनों पर पड़ सकता है। कृषि उत्पादन में गिरावट आने से खाद्य उपयोग, पशु आहार और औद्योगिक जरूरतों के बीच कृषि उत्पादों को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।

खाद्य सुरक्षा को प्राथमिकता, चीनी आधारित एथेनॉल पर रोक

ESY 2026-27 के दौरान इथेनॉल खरीद से चीनी आधारित कच्चे माल को बाहर रखने का केंद्र सरकार का फैसला घरेलू चीनी उपलब्धता और खपत की जरूरतों को लेकर बढ़ती चिंताओं को दर्शाता है। अक्टूबर में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने नवंबर 2026 से अक्टूबर 2027 तक की आपूर्ति अवधि के लिए लगभग 1,100 करोड़ लीटर एथेनॉल खरीदने का टेंडर जारी किया था।इस टेंडर में मुख्य रूप से अनाज आधारित कच्चे माल को शामिल किया गया है। इनमें मक्का, टूटे हुए चावल और अतिरिक्त चावल प्रमुख हैं।

तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को निर्धारित आवश्यकता के मुकाबले 1,932 करोड़ लीटर एथेनॉल की पेशकश प्राप्त हुई। इसमें मक्का आधारित एथेनॉल की हिस्सेदारी काफी अधिक रही। हालांकि, अनाज आधारित एथेनॉल निर्माताओं ने खरीद मूल्य और आवंटन नियमों को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि, हालिया बदलावों से डिस्टिलरी इकाइयों की आर्थिक व्यवहार्यता प्रभावित हो सकती है। मक्का आधारित एथेनॉल का खरीद मूल्य ₹71.86 प्रति लीटर से घटाकर ₹68.86 प्रति लीटर कर दिया गया है। ग्रेन एथेनॉल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सी.के. जैन ने कहा कि, कीमतों में इस कटौती से डिस्टिलरी की लाभप्रदता और किसानों की आय प्रभावित हो सकती है। उन्होंने चावल आधारित कच्चे माल के आवंटन पर भी चिंता जताई। इसमें भारतीय खाद्य निगम (FCI) द्वारा उपलब्ध कराया जाने वाला अतिरिक्त खाद्यान्न और खराब गुणवत्ता वाला खाद्यान्न शामिल है।उनके अनुसार, मौजूदा खरीद व्यवस्था से मक्का आधारित इथेनॉल उत्पादन की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता कम हो सकती है।

ऊर्जा की बढ़ती मांग से भारत पर आयात का बोझ बढ़ने की आशंका

मौसम संबंधी बाधाओं का असर भारत की कुल ऊर्जा जरूरतों पर भी पड़ने की संभावना है।कम बारिश के कारण सिंचाई की जरूरत बढ़ गई है। ऐसे में किसान सिंचाई के लिए डीजल से चलने वाले पंपों पर अधिक निर्भर हो रहे हैं। पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 में डीजल की खपत में सालाना आधार पर 11.7% की वृद्धि हुई। इसके अलावा, तापमान बढ़ने से कूलिंग और एयर कंडीशनिंग के लिए बिजली की मांग बढ़ सकती है। वहीं, जलविद्युत और पवन ऊर्जा उत्पादन में कमी आने से अतिरिक्त बिजली उत्पादन के लिए थर्मल पावर संयंत्रों पर निर्भरता बढ़ सकती है।

सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के जुलाई में किए गए आकलन के अनुसार, वर्ष 2026-27 में मजबूत अल नीनो की स्थिति बनने पर भारत में जीवाश्म ईंधन आधारित बिजली उत्पादन की आवश्यकता 17.7 टेरावाट-घंटे (TWh) तक बढ़ सकती है। मौसम की स्थिति अधिक गंभीर होने पर बिजली की अतिरिक्त मांग इससे भी ज्यादा हो सकती है।CREA के अनुमान के अनुसार, यदि बिजली की कमी को मुख्य रूप से कोयला आधारित बिजली उत्पादन से पूरा किया जाता है, तो इससे कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में अतिरिक्त 1.7 करोड़ टन की वृद्धि हो सकती है।

भारत के लिए अनिश्चित कृषि उत्पादन, चीनी आधारित इथेनॉल पर प्रतिबंध और बिजली एवं ईंधन की बढ़ती मांग ऊर्जा सुरक्षा के लक्ष्यों के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभर रही है। यह स्थिति दर्शाती है कि देश को खाद्य सुरक्षा, चीनी की उपलब्धता, किसानों के हितों और इथेनॉल मिश्रण के महत्वाकांक्षी लक्ष्यों के बीच संतुलन बनाना होगा। साथ ही, जैव ईंधन उद्योग के लिए पर्याप्त कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी जरूरी होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here