दावणगेरे (कर्नाटक) : पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। कर्नाटक के मंत्री रिजवान अरशद ने बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि, राज्य में पेट्रोल में 30% तक एथेनॉल मिलाया जा रहा है, लेकिन राज्य सरकार द्वारा जांच के लिए भेजे गए 63 नमूनों की रिपोर्ट केंद्र ने अब तक उपलब्ध नहीं कराई है। दावणगेरे में मीडिया से बातचीत के दौरान अरशद ने सवाल उठाया कि, क्या पेट्रोल की आपूर्ति करने वाली तेल कंपनियों द्वारा खुद ही पेट्रोल के नमूनों की जांच करना और उसकी रिपोर्ट देना उचित है?
मंत्री ने कहा, “एथेनॉल की जांच राज्य सरकार के अधीन नहीं की गई थी। यह केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में कराई गई थी। पेट्रोल की जांच केंद्र सरकार की ओर से आपूर्ति करने वाली तेल कंपनी ने की। यदि वही कंपनी पेट्रोल की आपूर्ति करे और खुद ही जांच कर रिपोर्ट भी दे, तो क्या यह निष्पक्ष है? इस मामले में वे अपनी प्रक्रिया को सही बता रहे हैं। केंद्र सरकार ने पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिश्रण की नीति बनाई है। फिर अब 30% एथेनॉल क्यों मिलाया जा रहा है? मैंने खुद राज्य से 63 नमूने जांच के लिए केंद्र सरकार को भेजे थे, लेकिन केंद्र ने अब तक उनकी कोई रिपोर्ट नहीं दी है।”
अरशद ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी द्वारा कांग्रेस की आलोचना किए जाने पर भी पलटवार किया। साथ ही उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से इस विवाद पर जवाब देने की मांग की। कांग्रेस नेता ने कहा, “यदि आम आदमी की गाड़ी खराब हो जाती है, तो उसके नुकसान की भरपाई कौन करेगा? हमने एक जिम्मेदार व्यक्ति के रूप में यह सवाल उठाया है। सरकार ने आम जनता के लिए आखिर क्या अच्छा किया है? केंद्रीय मंत्री जोशी ने हमें मूर्ख कहा है। इस मामले से जुड़े मंत्री हरदीप सिंह पुरी इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं? कुमारस्वामी ने स्वीकार किया है कि, पहले 30% एथेनॉल मिश्रण करने का विचार था। लेकिन विशेषज्ञों की सलाह लिए बिना और जनता को जानकारी दिए बिना 30% एथेनॉल क्यों मिलाया गया? मैंने एक जिम्मेदार व्यक्ति के तौर पर यही सवाल उठाया है।”
प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का लगाया आरोप
इससे पहले मंगलवार को केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के मुद्दे पर कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया था। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व वाले आंदोलन को “एक फर्जी नेता द्वारा चलाया जा रहा फर्जी आंदोलन” बताया।जोशी ने इस मुद्दे पर उठाए जा रहे सवालों के व्यावसायिक आधार पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कच्चे तेल, पेट्रोल और एथेनॉल की कीमतों का हवाला देते हुए कहा कि सरकार की यह पहल किसानों को आर्थिक सहायता देने और भारत की आयात पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
उन्होंने कहा, “जब कच्चे तेल की कीमतें इतनी अधिक हैं और पेट्रोल का आधार मूल्य ₹53 है, जबकि मक्के से बनने वाले एथेनॉल की कीमत ₹57 से ₹71 प्रति लीटर के बीच है, तो उनके दावों में कोई व्यावसायिक तर्क नहीं है। हमने यह पहल अपने किसानों को समर्थन देने और देश को आयात पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की है।”
कर्नाटक में 31.2% तक इथेनॉल मिश्रण का आरोप
यह विवाद तब शुरू हुआ जब रिजवान अरशद ने कर्नाटक में पेट्रोल के अंदर 31.2% तक इथेनॉल मिश्रण होने का आरोप लगाया। हालांकि, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों से लिए गए E20 पेट्रोल के सभी 893 नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं। मंत्रालय ने इस आधार पर पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिलाए जाने के आरोपों को खारिज किया है।
तीन सरकारी तेल विपणन कंपनियों—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL)—ने भी इस संबंध में संयुक्त बयान जारी किया।कंपनियों ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण एक नियंत्रित और स्वचालित प्रक्रिया है, जो वैधानिक दिशानिर्देशों के तहत संचालित होती है। इसमें मैन्युअल हस्तक्षेप की कोई भूमिका नहीं होती।
हालांकि, डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार अपने जांच निष्कर्षों पर कायम है और उसने तेल विपणन कंपनियों के संयुक्त बयान को खारिज कर दिया है। इस तरह पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की मात्रा, गुणवत्ता जांच की निष्पक्षता और आम उपभोक्ताओं के वाहनों पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर केंद्र और कर्नाटक सरकार के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है।


















