नई दिल्ली: चालू रबी सीजन के लिए केंद्र सरकार द्वारा उर्वरकों पर सब्सिडी बढ़ाए जाने से किसानों को पोषक तत्व आधारित उर्वरक किफायती दरों पर उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे कॉम्प्लेक्स उर्वरकों की मांग में सुधार हो सकता है और घरेलू उर्वरक निर्माताओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। डोलाट कैपिटल की एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, सब्सिडी की संशोधित दरों से डाई-अमोनियम फॉस्फेट (डीएपी) और कॉम्प्लेक्स उर्वरकों के बीच कीमतों का अंतर कम करने में मदद मिल सकती है। कीमतों में अंतर के कारण किसान अन्य किस्मों के उर्वरकों की तुलना में डीएपी को अधिक पसंद कर रहे थे।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को छह महीने के रबी सीजन यानी 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक के लिए कुल 62,400 करोड़ रुपये की उर्वरक सब्सिडी को मंजूरी दी है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में आवंटित 38,000 करोड़ रुपये की तुलना में 64 प्रतिशत अधिक है। संशोधित पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) योजना के तहत सरकार ने नाइट्रोजन पर सब्सिडी 119 प्रतिशत बढ़ाकर 94.21 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी है। वहीं, फॉस्फोरस पर सब्सिडी 38 प्रतिशत बढ़ाकर 66.11 रुपये प्रति किलोग्राम और सल्फर पर 263 प्रतिशत बढ़ाकर 10.42 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है। पोटाश पर सब्सिडी 2.38 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहले की तरह बरकरार रखी गई है।
सब्सिडी में बदलाव की जरूरत बताते हुए डोलाट कैपिटल ने कहा कि, डीएपी का खुदरा मूल्य 1,350 रुपये प्रति बोरी पर स्थिर रहा, जबकि एनपी 20:20 जैसे कॉम्प्लेक्स उर्वरकों की खुदरा कीमत बढ़कर करीब 2,100 रुपये प्रति बोरी हो गई थी। इसके कारण कीमत के लिहाज से डीएपी किसानों के लिए अधिक आकर्षक विकल्प बन गया था। इसका असर उर्वरक उद्योग के पारंपरिक नाइट्रोजन-फॉस्फोरस-पोटाश (एनपीके) और डीएपी की बिक्री के अनुपात पर पड़ा। पहले यह अनुपात 60:40 था, जो बदलकर 30:70 हो गया। एनपीके उर्वरक पौधों की वृद्धि के लिए आवश्यक तीन प्रमुख पोषक तत्व उपलब्ध कराते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इसके परिणामस्वरूप दूसरी तिमाही के दौरान पूरे उद्योग में एनपीके उर्वरकों की बिक्री और खपत में लगभग 40 प्रतिशत की गिरावट आई। संशोधित सब्सिडी से उर्वरक निर्माताओं को कॉम्प्लेक्स उर्वरकों की खुदरा कीमतें कम करने की गुंजाइश मिलने की उम्मीद है। डोलाट कैपिटल ने कहा, संशोधित दरों से खरीफ सीजन के दौरान कंपनियों पर पड़े मार्जिन के दबाव से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनियों की कमाई में कितनी सुधार होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि बेहतर सब्सिडी व्यवस्था से बिक्री की मात्रा और प्रति इकाई लाभप्रदता में कितना टिकाऊ सुधार आता है। रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कुल एनबीएस सब्सिडी की आवश्यकता लगभग 1.04 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया है। यह इस वित्त वर्ष के बजट में निर्धारित 54,000 करोड़ रुपये की राशि से करीब 92 प्रतिशत अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार, उर्वरक क्षेत्र में सुधार की गति खुदरा कीमतों में कटौती, कच्चे माल की लागत और किसानों तक सब्सिडी का लाभ किस हद तक पहुंचता है, इन बातों पर निर्भर करेगी।















