कर्नाटक : गन्ना मूल्य विवाद को लेकर किसानों की चेतावनी, विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान करेंगे आंदोलन

बेलगावी: गन्ना किसानों की मांगों का समाधान नहीं होने पर कर्नाटक राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान बड़े पैमाने पर किसान आंदोलन किया जाएगा। कर्नाटक राज्य रायथा संघ और हसिरू सेना ने यह चेतावनी दी है। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के अनुसार, बेलगावी में 2 दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान यह आंदोलन किया जा सकता है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कोडिहल्ली चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कर्नाटक सरकार पर किसानों के हितों की रक्षा करने में विफल रहने और कथित तौर पर चीनी मिल मालिकों का पक्ष लेने का आरोप लगाया।

उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि गन्ना किसानों की समस्याओं का समाधान निष्पक्ष और पारदर्शी बातचीत के जरिए किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मिल मालिकों की मांगों को किसान आंदोलन को प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। यह चेतावनी मुख्यमंत्री, मंत्रियों, किसान प्रतिनिधियों और चीनी मिल मालिकों के बीच हुई कई दौर की चर्चाओं के बाद आई है। इन बैठकों में गन्ने का पहला भुगतान 3,600 रुपये प्रति टन करने पर सहमति बनी थी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हालांकि, इस समझौते के क्रियान्वयन को लेकर अभी भी सवाल बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ चीनी मिलों ने भुगतान की जो व्यवस्था किसानों को बताई है, उसके अनुसार पहले 3,500 रुपये प्रति टन दिए जाएंगे और शेष 100 रुपये का भुगतान पेराई सीजन समाप्त होने के बाद किया जाएगा। किसान मुनाफा-साझेदारी व्यवस्था के तहत अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि और सरकार की प्रतिबद्धताओं को लेकर भी स्पष्टता की मांग कर रहे हैं।

सूखे के कारण हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि, कर्नाटक को लगभग 62,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है, जबकि प्रभावित किसानों को दिया गया मुआवजा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने फसल नुकसान झेलने वाले किसानों के लिए 25,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग की। उनका आरोप है कि वर्तमान में दी जा रही 2,500 रुपये की सहायता राशि किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए पर्याप्त नहीं है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here