केंद्र सरकार महाराष्ट्र में पेराई किए गए गन्ने पर प्रति टन 500 से 700 रुपये की आर्थिक सहायता दे : सांसद धनंजय महाडिक की केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह से मांग

कोल्हापुर: इस वर्ष अपर्याप्त और अनियमित बारिश के कारण महाराष्ट्र के किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था गंभीर संकट में हैं। राज्य पर सूखे का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार किसानों, चीनी मिलों और पशुधन के लिए विशेष सहायता पैकेज घोषित करे। यह मांग सांसद धनंजय महाडिक ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को ज्ञापन सौंपकर की है। उन्होंने महाराष्ट्र में पेराई किए गए गन्ने पर केंद्र सरकार से प्रति टन 500 से 700 रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग भी की है।

सांसद महाडिक ने कहा कि, इस वर्ष राज्य के कई हिस्सों में कम बारिश हुई है, जिसका सबसे अधिक असर गन्ने की खेती पर पड़ा है। अपर्याप्त बारिश के कारण गन्ने की ऊंचाई, वजन और गुणवत्ता में गिरावट आई है। चालू पेराई सीजन में सोलापुर संभाग में चीनी का औसत रिकवरी रेट लगभग 7.5 से 7.7 प्रतिशत ही रहने का अनुमान है। रिकवरी घटने से चीनी उत्पादन कम हुआ है और चीनी मिलों पर भारी आर्थिक दबाव पड़ा है। गन्ने का उत्पादन और वजन घटने से किसानों को नुकसान हो रहा है, वहीं कम रिकवरी के कारण मिलों का चीनी उत्पादन भी प्रभावित हुआ है। दूसरी ओर, मिलों को किसानों को उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) के अनुसार गन्ने का भुगतान करना अनिवार्य है। ऐसे में कम रिकवरी का पूरा आर्थिक बोझ किसानों या चीनी मिलों पर डालना उचित नहीं होगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

महाडिक ने मांग की कि ऐसी परिस्थितियों में राज्य के प्रभावित चीनी मिलों को पेराई किए गए गन्ने पर प्रति टन 500 से 700 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता दी जाए।कम रिकवरी, घटते उत्पादन और बढ़ती लागत के कारण चीनी मिलें आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही हैं। ऐसे में केंद्र सरकार की सहायता से मिलों को राहत मिलेगी और किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर करना संभव हो सकेगा। यह सहायता वास्तव में प्रभावित मिलों तक पहुंचे और किसानों का भुगतान लंबित न रहे, इसके लिए पारदर्शी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, ऐसी अपेक्षा भी सांसद महाडिक ने व्यक्त की।राज्यभर में फसलों की वृद्धि प्रभावित होने और गन्ने की उपलब्धता घटने के कारण कुल चीनी उत्पादन में कमी आने की आशंका है। सांसद महाडिक ने अमित शाह का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि चीनी उद्योग पर ग्रामीण रोजगार, परिवहन, खेत मजदूरों और हजारों किसान परिवारों की आजीविका निर्भर है।

सांसद महाडिक ने केंद्रीय सहकारिता मंत्री के समक्ष रखीं ये प्रमुख मांगें :

  • राज्य के प्रभावित जिलों में फसल नुकसान का तत्काल पंचनामा कराया जाए और किसानों के लिए विशेष सूखा राहत पैकेज घोषित किया जाए। फसल बीमा के दावों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।
  • सोलापुर सहित अन्य प्रभावित गन्ना उत्पादक क्षेत्रों के किसानों को प्रति हेक्टेयर विशेष आर्थिक सहायता दी जाए। सूखा राहत उपायों में गन्ने की फसल को प्राथमिकता दी जाए।
  • कम रिकवरी और घटते चीनी उत्पादन के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रही मिलों के लिए पेराई किए गए गन्ने पर प्रति टन 500 से 700 रुपये की केंद्रीय आर्थिक सहायता देने वाली विशेष योजना शुरू की जाए। इससे मिलों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी और किसानों को समय पर गन्ने का भुगतान किया जा सकेगा।
  • पशुधन को बचाने के लिए जरूरत के अनुसार चारा डिपो और पशु शिविर शुरू किए जाएं। किसानों और पशुपालकों को चारा खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी जाए तथा पशुओं के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
  • प्रभावित क्षेत्रों में राहत उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित विभागों के बीच नियमित समन्वय स्थापित किया जाए और समय-समय पर समीक्षा की जाए।

    सांसद महाडिक ने अमित शाह से अनुरोध किया कि, इस वर्ष सूखे की आशंका को देखते हुए इन समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए और राज्य के किसानों, पशुपालकों तथा चीनी उद्योग को राहत देने के लिए जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस मांग पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here