नई दिल्ली : धामपुर शुगर मिल्स ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए 12.57 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया है। पिछले वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 7.88 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। चीनी की बेहतर कीमतों, एथेनॉल की बढ़ी हुई बिक्री और केमिकल कारोबार में बेहतर मार्जिन के कारण कंपनी घाटे से मुनाफे में लौटने में सफल रही है। कंपनी की ओर से बीएसई को साझा की गई प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।
कंपनी की परिचालन से होने वाली आय चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में घटकर 694.44 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 712.10 करोड़ रुपये थी। हालांकि, कंपनी का EBITDA बढ़कर 46.77 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 11.36 करोड़ रुपये था। वहीं, कर पूर्व लाभ (PBT) 24.40 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को 12.53 करोड़ रुपये का कर पूर्व घाटा हुआ था। समेकित परिणामों में कंपनी और उसकी सहायक कंपनियों का प्रदर्शन शामिल है।
चीनी और एथेनॉल कारोबार से मिला बड़ा फायदा
कंपनी की निवेशक प्रस्तुति के अनुसार, तिमाही के दौरान चीनी की बेहतर कीमतें, एथेनॉल की बढ़ी हुई बिक्री और केमिकल कारोबार में बेहतर मार्जिन कंपनी के प्रदर्शन के प्रमुख सकारात्मक कारक रहे। दूसरी तिमाही में सफेद चीनी का औसत बिक्री मूल्य बढ़कर 45,608 रुपये प्रति टन हो गया, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 39,956 रुपये प्रति टन था। इसी तरह इथेनॉल की बिक्री 132.47 लाख बल्क लीटर से बढ़कर 166.76 लाख बल्क लीटर हो गई।
हालांकि, बेहतर कीमतों और एथेनॉल बिक्री के बावजूद कंपनी के कुछ अन्य कारोबारों में बिक्री की मात्रा में गिरावट दर्ज की गई। चीनी की बिक्री 0.80 लाख टन से घटकर 0.67 लाख टन रह गई। केमिकल उत्पादों की बिक्री 87.53 लाख किलोग्राम से घटकर 58.12 लाख किलोग्राम हो गई। वहीं, पेय अल्कोहल (पोटेबल स्पिरिट्स) की बिक्री भी 8.18 लाख केस से घटकर 6.98 लाख केस रह गई।
चीनी और एथेनॉल कारोबार का मुनाफा बढ़ा
खंडवार प्रदर्शन में चीनी और एथेनॉल कारोबार ने कंपनी के मुनाफे में महत्वपूर्ण योगदान दिया। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में चीनी कारोबार ने 22.46 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में इस खंड को 6.06 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
एथेनॉल कारोबार का लाभ भी बढ़कर 17.51 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 4.81 करोड़ रुपये था। इसी तरह केमिकल कारोबार का खंडीय लाभ 3.42 करोड़ रुपये से बढ़कर 5.47 करोड़ रुपये हो गया। दूसरी ओर, पेय अल्कोहल कारोबार का खंडीय लाभ घटकर 1.95 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 3.56 करोड़ रुपये था। बिजली कारोबार में भी घाटा बढ़कर 2.57 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष 1.45 करोड़ रुपये था।
छह महीने में नकदी प्रवाह में बड़ी बढ़ोतरी
कंपनी के समेकित नकदी प्रवाह विवरण के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को समाप्त छह महीनों के दौरान परिचालन गतिविधियों से प्राप्त शुद्ध नकदी बढ़कर 600.69 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 243.09 करोड़ रुपये थी। परिचालन से प्राप्त नकदी भी 258.10 करोड़ रुपये से बढ़कर 623.08 करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान इन्वेंट्री (भंडार) में 637.50 करोड़ रुपये की कमी ने नकदी प्रवाह बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में वित्तीय गतिविधियों के तहत 519.97 करोड़ रुपये खर्च किए। इसमें अल्पकालिक कर्ज का 462.88 करोड़ रुपये और दीर्घकालिक कर्ज का 48.86 करोड़ रुपये का भुगतान शामिल है। 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का कुल कर्ज घटकर 402.17 करोड़ रुपये रह गया, जबकि 31 मार्च 2026 को यह 878.91 करोड़ रुपये था।
शीरा देयता के कारण लाभ पर 3.23 करोड़ रुपये का असर
कंपनी ने बताया कि, उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2025-26 के शीरा वर्ष के लिए उसकी आरक्षित शीरा आपूर्ति की देयता का पुनर्निर्धारण किया है। इसके चलते तिमाही और छमाही के वित्तीय परिणाम तैयार करते समय 3.23 करोड़ रुपये का प्रभाव शामिल किया गया। इस राशि से संबंधित अवधि के कर पूर्व लाभ में इतनी ही कमी आई है। धामपुर शुगर ने निवेशकों को आगाह किया है कि चीनी उद्योग मौसमी प्रकृति का कारोबार है। इसलिए किसी एक तिमाही का प्रदर्शन पूरे वित्त वर्ष के प्रदर्शन का सही संकेतक नहीं माना जाना चाहिए।



















मैं गाने का जूस भेजता हूं मैं चित्रकूट धाम में रहता हूं मुझे चीनी के बारे में और जानना है