यमुनानगर : हरियाणा के गन्ना किसानों ने वर्ष 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (एसएपी) बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर यमुनानगर स्थित सरस्वती शुगर मिल के बाहर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक सरकार उनकी मांग स्वीकार नहीं करती, तब तक मिल में गन्ने की पेराई शुरू नहीं होने दी जाएगी।
भारतीय किसान यूनियन (चारुनी) के नेतृत्व में रविवार से यह आंदोलन शुरू हुआ। उल्लेखनीय है कि मिल में 17 नवंबर से पेराई सत्र शुरू होने वाला था। इससे दो दिन पहले ही किसानों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। किसानों का कहना है कि मौजूदा सत्र के लिए गन्ने के भाव में की गई 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी पर्याप्त नहीं है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। वहीं, पिछले एक वर्ष में चीनी की कीमतों में भी 25 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है। ऐसे में किसानों को गन्ने का उचित मूल्य मिलना जरूरी है।
भारतीय किसान यूनियन (चारुनी) के जिला अध्यक्ष संजू गुंडियाना ने कहा कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो 20 नवंबर से राज्य की अन्य चीनी मिलों में भी आंदोलन का विस्तार किया जाएगा।
हरियाणा सरकार ने वर्ष 2025-26 में गन्ने का एसएपी 415 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया था, जिसे मौजूदा पेराई सत्र के लिए बढ़ाकर 430 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा वर्ष 2027-28 के लिए इसे 450 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की गई है। हालांकि, किसान संगठनों की मांग है कि मौजूदा सत्र से ही गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।
इससे पहले शनिवार को करनाल शुगर मिल में भी किसानों ने इसी मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने पैदल मार्च और ट्रैक्टर रैली निकालने के बाद मिल परिसर में धरना दिया। संयुक्त किसान मोर्चा ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास का घेराव किया जाएगा।
रविवार शाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ यमुनानगर पहुंचकर आंदोलनकारी किसान नेताओं से बातचीत की। हालांकि, इस बैठक में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। किसानों ने गन्ने का भाव बढ़ाने का आश्वासन मिलने तक आंदोलन समाप्त करने से इनकार कर दिया है। फिलहाल, गन्ना मूल्य को लेकर सरकार और किसान संगठनों के बीच गतिरोध बरकरार है।


















