संकटग्रस्त चीनी उद्योग से बिजली उत्पादन की तैयारी में क्यूबा, गन्ने की कमी और निवेश का अभाव बनी बड़ी चुनौती

हवाना : क्यूबा अपने संकटग्रस्त चीनी उद्योग को बिजली उत्पादन के एक प्रमुख स्रोत के रूप में विकसित करने की योजना बना रहा है। हालांकि, गन्ने की भारी कमी और निवेश के अभाव के कारण इस योजना के क्रियान्वयन में कई बाधाएं हैं और इसके परिणाम सामने आने में कई साल लग सकते हैं।अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, ऑस्टिन के ऊर्जा विशेषज्ञ जॉर्ज पिन्योन ने सोमवार को यूपीआई (UPI) से बातचीत में कहा कि, राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल द्वारा पिछले सप्ताह घोषित इस पहल में भविष्य में काफी संभावनाएं हैं। लेकिन चीनी मिलों की खराब स्थिति और गन्ने की कमी के चलते इसे तत्काल लागू करना संभव नहीं है।

पिन्योन ने कहा, सरकार जो प्रस्ताव दे रही है, वह फिलहाल केवल एक कल्पना जैसा है, क्योंकि क्यूबा का चीनी उद्योग लगभग अस्तित्वहीन हो चुका है। भविष्य में यह देश के ऊर्जा क्षेत्र का एक प्रमुख आधार बन सकता है, लेकिन दुर्भाग्य से देश की लगभग 95 प्रतिशत चीनी मिलें वर्तमान में बंद हैं।क्यूबा सरकार ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि, वह चीनी मिलों को फिर से चालू करने और बायोमास के माध्यम से बिजली उत्पादन को प्राथमिकता देने की योजना बना रही है। इसके साथ ही एथेनॉल और गन्ने से बनने वाले अन्य उत्पादों का उत्पादन भी बढ़ाया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकारी चीनी कंपनी अजकुबा (Azcuba) के अधिकारियों और उत्पादकों के साथ बैठक में राष्ट्रपति डियाज-कैनेल ने कहा कि, चीनी उद्योग के प्रदर्शन का आकलन केवल चीनी उत्पादन से नहीं, बल्कि बिजली उत्पादन, सह-उत्पादों और वित्तीय दायित्वों को पूरा करने की क्षमता के आधार पर भी किया जाना चाहिए।राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि, चीनी उद्योग को छोड़ा नहीं जा रहा है, बल्कि उसमें बदलाव और पुनर्गठन की प्रक्रिया चल रही है।

अमेरिका के व्यापार प्रतिबंधों का उल्लेख करते हुए डियाज-कैनेल ने कहा कि परिस्थितियां कठिन जरूर हैं, लेकिन असंभव नहीं। नाकेबंदी एक बाधा है, जिसे बुद्धिमत्ता, रचनात्मकता और दृढ़ संकल्प के साथ पार करना होगा। इसके लिए बेहतर परिस्थितियों का इंतजार करने के बजाय उपलब्ध संसाधनों और क्षमताओं के साथ अभी काम शुरू करना होगा।उन्होंने कहा कि चीनी उत्पादन, ऊर्जा उत्पादन और आर्थिक मूल्य का सृजन करना कठिन परिस्थितियों में समाजवादी निर्माण की प्रक्रिया को मजबूत करने के समान है। इस काम में उद्योग के कर्मचारियों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

पिन्योन के अनुसार, तकनीकी समस्याओं और कच्चे माल की कमी के कारण क्यूबा की लगभग 95 प्रतिशत चीनी मिलें बंद पड़ी हैं।उन्होंने बताया कि, गन्ने की पेराई के बाद बचने वाले रेशेदार अवशेष को बैगास (Bagasse) कहा जाता है। इसे जलाकर भाप तैयार की जा सकती है और उस भाप से बिजली का उत्पादन किया जा सकता है। हालांकि, गन्ने की कमी के कारण बैगास की उपलब्धता भी सीमित हो गई है।

पिन्योन ने कहा कि चीनी उद्योग की बिजली उत्पादन क्षमता को फिर से बहाल करने के लिए गन्ने के खेतों में निवेश करने के साथ-साथ चीनी मिलों का आधुनिकीकरण भी आवश्यक है।उनके अनुमान के मुताबिक, यदि जरूरी वित्तीय संसाधन उपलब्ध हो जाएं, तो पूरे चीनी उद्योग को दोबारा मजबूत बनाने और उसकी क्षमता बहाल करने में तीन से पांच साल लग सकते हैं।

उन्होंने विदेशी निवेश आकर्षित करने में कानूनी अनिश्चितता को भी एक बड़ी बाधा बताया। विशेष रूप से ब्राजील की कंपनियां, जिन्हें गन्ने से इथेनॉल और बिजली उत्पादन का व्यापक अनुभव है, निवेश को लेकर कानूनी सुरक्षा चाहती हैं।पिन्योन ने सवाल उठाया कि, जब क्यूबा में भूमि के स्वामित्व को लेकर कानूनी निश्चितता नहीं है, तो विदेशी कंपनियां वहां निवेश कैसे करेंगी? उन्होंने कहा कि, निवेशकों को यह भरोसा मिलना जरूरी है कि सरकारी नियम स्थिर रहेंगे और उनके निवेश को लंबे समय तक कानूनी संरक्षण मिलेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here