पाकिस्तान में चीनी मिलों द्वारा गन्ना पेराई सत्र शुरू करने में देरी, किसानों ने संकट की चेतावनी दी

कराची: पाकिस्तान में सरकार के आदेश के बावजूद चीनी मिलों ने अब तक गन्ने की पेराई शुरू नहीं की है। इससे किसानों के संगठनों ने बड़े संकट की आशंका जताई है और सरकार से गन्ने का समर्थन मूल्य तत्काल घोषित करने की मांग की है। सरकार ने मिलों को गन्ना पेराई सत्र शुरू करने का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद काम शुरू नहीं हुआ है।

किसानों के संगठन किसान इत्तेहाद ने कहा कि, पेराई शुरू होने में देरी से मौजूदा गन्ने की फसल के साथ-साथ अगले बुवाई सत्र की तैयारियां भी प्रभावित हो सकती हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। संगठन के अनुसार, सरकार द्वारा 15 नवंबर से पेराई शुरू करने का आदेश दिए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसान इत्तेहाद के अध्यक्ष खालिद हुसैन बाथ ने आरोप लगाया कि, चीनी मिल मालिक सरकार के निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं और कानून से ऊपर होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, सिंध प्रांत में भी गन्ने की पेराई शुरू नहीं हुई है, जिससे किसान मुश्किलों में घिर गए हैं। इस देरी से किसानों की आय प्रभावित हो सकती है, गन्ने की समय पर बिक्री बाधित हो सकती है और अगली फसल की तैयारियों में भी परेशानी आ सकती है।

किसान इत्तेहाद ने सरकार से मांग की है कि, किसानों को उचित भुगतान सुनिश्चित करने के लिए गन्ने का समर्थन मूल्य तुरंत घोषित किया जाए। साथ ही, चीनी मिलों को निर्देश दिया जाए कि वे गन्ने की सभी स्वीकृत किस्मों की खरीद करें और किसानों की आपूर्ति को अस्वीकार न करें।बाथ ने उर्वरकों, विशेषकर डीएपी (डाय-अमोनियम फॉस्फेट) की ऊंची कीमतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कृषि लागत में लगातार बढ़ोतरी से किसानों की आर्थिक मुश्किलें और बढ़ रही हैं। उन्होंने सरकार से कृषि इनपुट की बढ़ती कीमतों और किसानों के शोषण को रोकने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की।

बाथ ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने, पेराई सत्र शुरू होने में देरी के कारणों की जांच कराने और चीनी मिल मालिकों से सरकारी आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने की अपील की। किसान इत्तेहाद ने चेतावनी दी है कि पेराई कार्य शुरू करने और गन्ने का उचित मूल्य घोषित करने में और देरी हुई तो इसका असर केवल किसानों पर ही नहीं, बल्कि देश की व्यापक कृषि अर्थव्यवस्था और चीनी आपूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here