मेरठ (उत्तर प्रदेश) : खादर क्षेत्र में करीब एक सप्ताह पहले हुई बेमौसम बारिश अब गन्ना किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। बारिश के कारण खेतों में जलभराव और कीचड़ जमा होने से हजारों हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी गन्ने की फसल की छिलाई और कटाई प्रभावित हो रही है। अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, हालात इतने खराब हैं कि किसानों को खेतों तक पहुंचने और कटी हुई फसल बाहर निकालने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, खादर क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग जर्जर होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
तारापुर, भीकुंड, किशनपुर, हादीपुर गावड़ी, सिरजोपुर, दूधली और बस्तौरा नारंग समेत दर्जनों गांवों के हजारों किसान इन दिनों दोहरी परेशानी झेल रहे हैं। खेतों में पानी और कीचड़ भरा होने के कारण गन्ने की छिलाई का काम ठप होने की कगार पर है। किसी तरह खेतों से बाहर निकाले गए गन्ने को शुगर मिलों तक पहुंचाना भी किसानों के लिए चुनौती बन गया है। खादर क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से गन्ने से लदे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
किसानों का कहना है कि गन्ना पेराई सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन खेतों और संपर्क मार्गों की खराब हालत के कारण समय पर मिलों तक गन्ना पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। यदि जल्द मौसम साफ नहीं हुआ और सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई, तो गन्ना आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ने की आशंका है।किसानों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से खादर क्षेत्र के मुख्य मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने तथा खेतों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि, रास्ते ठीक होने से गन्ने की ढुलाई आसान होगी और शुगर मिलों तक आपूर्ति सुचारु रूप से हो सकेगी।


















