पंजाब : गन्ने का भाव घोषित करने की मांग तेज, भाकियू (लखोवाल) ने 20 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरने की दी चेतावनी

लुधियाना : पंजाब सरकार की ओर से गन्ने का भाव घोषित नहीं किए जाने और पिछले सीजन का बकाया भुगतान लंबित रहने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। भारतीय किसान यूनियन (लखोवाल) ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द मांगें पूरी नहीं कीं, तो 20 नवंबर से जालंधर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। किसान संगठन ने सरकार से तत्काल गन्ने का भाव घोषित करने और बकाया राशि जारी करने की मांग की है।

भारतीय किसान यूनियन (लखोवाल) के प्रदेश अध्यक्ष हरिंदर सिंह लखोवाल ने कहा कि, पंजाब सरकार ने संयुक्त किसान मोर्चा, पंजाब के साथ वादा किया था कि राज्य में गन्ने का भाव अन्य राज्यों की तुलना में अधिक रखा जाएगा। इसके बावजूद अब तक सरकार की ओर से कोई घोषणा नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू होने का समय नजदीक आ गया है, लेकिन गन्ने का भाव तय नहीं होने से किसानों में असमंजस और रोष का माहौल है। लखोवाल ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले पेराई सत्र की बकाया राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। सरकार ने कोष के माध्यम से भुगतान करने का भरोसा दिया था, लेकिन यह आश्वासन पूरा नहीं हुआ।

ChiniMandi WhatsApp Channel

संयुक्त किसान मोर्चा, पंजाब ने सरकार को 18 नवंबर तक गन्ने का भाव घोषित करने का अल्टीमेटम दिया है।लखोवाल ने धान की खरीद बंद किए जाने को लेकर भी पंजाब सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि धान की खरीद रोकने से किसानों की आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। उन्होंने मंडियों में पड़े धान की तत्काल खरीद शुरू करने और खरीद प्रक्रिया दोबारा बहाल करने की मांग की। किसान नेता ने स्पष्ट चेतावनी दी कि, यदि गन्ने का भाव घोषित करने, बकाया भुगतान जारी करने और धान की खरीद दोबारा शुरू करने जैसी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो 20 नवंबर से जालंधर में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here