चीनी की ऊंची कीमतों से प्रमुख चीनी कंपनियों की दूसरी तिमाही की कमाई में सुधार, लेकिन मार्जिन पर दबाव बरकरार

नई दिल्ली : भारत की प्रमुख सूचीबद्ध चीनी कंपनियों के सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजों में व्यापक सुधार देखने को मिला। चीनी की ऊंची कीमतों से कई मिलें घाटे से निकलकर मुनाफे में लौट आईं, जबकि कुछ कंपनियों के नेट प्रॉफिट में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। घरेलू बाजार में बेहतर कीमतों ने कुछ कंपनियों के लिए बिक्री की कम मात्रा के असर को भी कम किया।

हालांकि, इस सुधार के पीछे उद्योग की लागत संरचना पर बढ़ता दबाव भी दिखाई दे रहा है। गन्ने की ऊंची कीमतें और चीनी आधारित एथेनॉल उत्पादन पर प्रतिबंध मुनाफे के मार्जिन को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे समय में 2026-27 का पेराई सीजन शुरू हो रहा है। यह जानकारी चिनिमंडी द्वारा स्टॉक एक्सचेंजों में दाखिल कंपनियों के वित्तीय नतीजों की समीक्षा पर आधारित है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

त्रिवेणी इंजीनियरिंग घाटे से मुनाफे में लौटी

त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में समेकित आधार पर शुद्ध लाभ दर्ज किया। कंपनी की ओर से चिनिमंडी के साथ साझा की गई प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उसके चीनी कारोबार में सुधार ने इस प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई। 30 सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही में कंपनी ने 94 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में उसे 11 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक ध्रुव एम. साहनी ने चीनी कारोबार में सुधार का श्रेय घरेलू बाजार में मजबूत कीमतों और मांग-आपूर्ति के संतुलन के कारण बनी अनुकूल स्थिति को दिया। कंपनी ने 2026-27 के चीनी सीजन के लिए गन्ने की फसल की स्थिति को स्वस्थ बताया है। उसका अनुमान है कि सीमित कैरी-ओवर स्टॉक के कारण निकट भविष्य में घरेलू चीनी कीमतें मजबूत बनी रह सकती हैं। हालांकि, सरकारी नीतिगत फैसलों का कीमतों की दिशा पर असर पड़ सकता है।

बलरामपुर चीनी के मुनाफे में 89.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी

बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड ने दूसरी तिमाही में समेकित शुद्ध लाभ में 89.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। कंपनी का मुनाफा पिछले वर्ष की समान तिमाही के 53.89 करोड़ रुपये से बढ़कर 102.29 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने इस सुधार का कारण बिक्री की अधिक मात्रा और बेहतर प्राप्ति कीमतों को बताया। कंपनी के चीनी कारोबार का कर, वित्त लागत और असाधारण मदों से पहले का परिणाम 52.84 करोड़ रुपये से बढ़कर 140.75 करोड़ रुपये हो गया।

इसी तरह, उत्तम शुगर मिल्स लिमिटेड, धामपुर स्पेशियलिटी शुगर्स लिमिटेड और पोन्नी शुगर्स (इरोड) लिमिटेड ने भी चीनी की बेहतर कीमतों के चलते शुद्ध लाभ में वृद्धि दर्ज की।उत्तम शुगर का समेकित शुद्ध लाभ लगभग पांच गुना बढ़कर 4.54 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 99 लाख रुपये था। धामपुर स्पेशियलिटी शुगर्स ने 2.28 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि पिछले वर्ष यह 1.95 करोड़ रुपये था। पोन्नी शुगर्स का शुद्ध लाभ 14.56 करोड़ रुपये से बढ़कर 21.69 करोड़ रुपये हो गया।

कई कंपनियां घाटे से निकलकर मुनाफे में लौटीं

स्टॉक एक्सचेंजों में दाखिल वित्तीय नतीजों के अनुसार, अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड, कोठारी शुगर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड, धामपुर शुगर मिल्स लिमिटेड और मगध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड दूसरी तिमाही में घाटे से निकलकर मुनाफे में लौट आईं। इनमें मगध शुगर का प्रदर्शन प्रमुख रहा। कंपनी ने इस तिमाही में लगभग 70 लाख रुपये का स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में उसे 10.35 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

हालांकि, पूरे उद्योग में सुधार एक समान नहीं रहा। द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज लिमिटेड का स्टैंडअलोन शुद्ध घाटा घटकर 13.12 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वर्ष इसी तिमाही में 32.62 करोड़ रुपये था। चीनी की बेहतर कीमतों से कंपनी को राहत मिली। उसकी औसत घरेलू चीनी प्राप्ति कीमत 3,963.4 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 4,530.6 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। कंपनी के चीनी कारोबार ने 29.85 करोड़ रुपये का सकारात्मक ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले का लाभ (EBITDA) दर्ज किया।

गोदावरी बायोरिफाइनरीज लिमिटेड का समेकित शुद्ध घाटा भी पिछले वर्ष की समान तिमाही के 41.6 करोड़ रुपये से घटकर 15.2 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, कंपनी के इंटीग्रेटेड शुगर, को-जेनरेशन और एथेनॉल सेगमेंट को 8.7 करोड़ रुपये का EBITDA घाटा हुआ, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह घाटा 18.4 करोड़ रुपये था।

ऊंची लागत से मुनाफे के मार्जिन पर दबाव की आशंका

चीनी उद्योग के एक विश्लेषक ने नाम न छापने की शर्त पर चिनिमंडी को बताया कि, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनियों की कमाई में सुधार मुख्य रूप से चीनी की बेहतर प्राप्ति कीमतों के कारण हुआ है, न कि उत्पादन लागत में किसी बड़ी कमी के चलते। उन्होंने आगाह किया कि गन्ने की खरीद लागत बढ़ने और चीनी आधारित एथेनॉल उत्पादन पर प्रतिबंधों से कंपनियों के मुनाफे के मार्जिन पर दबाव बढ़ सकता है।

विश्लेषक के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में चीनी कारोबार की लाभप्रदता अपेक्षाकृत मजबूत रह सकती है। यह काफी हद तक घरेलू चीनी कीमतों और वास्तविक उत्पादन पर निर्भर करेगा।

पिछले सीजन की तुलना में शुरुआती स्टॉक कम होने से कीमतों को सहारा मिल सकता है। खासकर यदि कमजोर मानसून और गन्ने की कम उपलब्धता के कारण महाराष्ट्र तथा कर्नाटक में उत्पादन प्रभावित होता है, तो इसका असर बाजार पर दिखाई दे सकता है।

हालांकि, चीनी की रिकवरी, गन्ना खरीद की लागत, डिस्टिलरी के साथ कारोबार का एकीकरण और कर्ज के स्तर के आधार पर अलग-अलग कंपनियों का प्रदर्शन भिन्न रह सकता है। गन्ने की ऊंची कीमतों के अलावा कटाई और परिवहन खर्च, मजदूरी तथा अन्य परिचालन लागत भी मुनाफे के मार्जिन पर दबाव बनाए रखेंगे।

क्रिसिल को चालू वित्त वर्ष में मार्जिन घटने का अनुमान

चिनिमंडी द्वारा 9 नवंबर को प्रकाशित क्रिसिल रेटिंग्स की रिपोर्ट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में चीनी मिलों का परिचालन मार्जिन 140-160 आधार अंक घटकर लगभग 6 प्रतिशत रह सकता है। इस आकलन में 55 चीनी मिलें शामिल हैं, जिनका पिछले सीजन में भारत के कुल चीनी उत्पादन में लगभग एक-चौथाई योगदान था।रेटिंग एजेंसी को परिचालन आय में 4-5 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है। हालांकि, एजेंसी ने आगाह किया है कि चीनी की बेहतर कीमतों से अधिक मार्जिन वाले इथेनॉल कारोबार की मात्रा में कमी और गन्ने की बढ़ती लागत की पूरी भरपाई नहीं हो पाएगी।

हाल के वर्षों में कुल चीनी उत्पादन का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा इथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। लेकिन अब इथेनॉल उत्पादन में चीनी आधारित कच्चे माल के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिए गए हैं।इसके अलावा, केंद्र सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 2.81 प्रतिशत बढ़ाकर 365 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। वहीं, कुछ क्षेत्रों में 2026-27 सीजन के लिए अब तक घोषित गन्ने की कीमतें केंद्र सरकार के FRP से अधिक हैं। हरियाणा ने गन्ने का मूल्य 430 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। वहीं, कोल्हापुर जिले की मिलों ने प्रभावी रूप से 420 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान करने पर सहमति जताई है। इसमें शुरुआती भुगतान 390 रुपये प्रति क्विंटल होगा। इसके बाद पेराई सीजन समाप्त होने पर 10 रुपये प्रति क्विंटल और अतिरिक्त शर्तों के आधार पर 20 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाएगा।

ब्याज भुगतान क्षमता में भी गिरावट का अनुमान

क्रिसिल रेटिंग्स के वरिष्ठ निदेशक अनुज सेठी ने कहा कि चीनी उद्योग की कमाई की संरचना में महत्वपूर्ण बदलाव हो रहा है। क्रिसिल के अनुसार, जिन चीनी मिलों की वह रेटिंग करती है, उनका ब्याज कवरेज अनुपात चालू वित्त वर्ष में घटकर लगभग 2.7 गुना रह सकता है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 3.7 गुना था।वित्त वर्ष 2027-28 के लिए उद्योग की संभावनाएं चीनी की प्राप्ति कीमतों और गन्ने की लागत के बीच संतुलन, एथेनॉल की कीमतों तथा मानसून के प्रदर्शन पर निर्भर करेंगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here