मुंबई : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार चौहान ने बुधवार को कहा कि, भारतीय शेयर बाजारों के पास विभिन्न बाजार क्षेत्रों में कारोबार का समय बढ़ाने की तकनीकी क्षमता मौजूद है। हालांकि, ऐसा कोई भी कदम नियामकीय ढांचे और बाजार सहभागियों की मांग पर निर्भर करेगा। मुंबई में आयोजित वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंजेज (WFE) की 65वीं महासभा और वार्षिक बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए चौहान ने बताया कि GIFT सिटी स्थित NSE इंटरनेशनल एक्सचेंज ने अपने कारोबार का समय पहले के लगभग 22.5 घंटे से बढ़ाकर प्रतिदिन 23.5 घंटे कर दिया है।
चौहान ने कहा, NSE इंटरनेशनल एक्सचेंज ने अब पहले के लगभग 22.5 घंटे की तुलना में प्रतिदिन 23.5 घंटे कारोबार शुरू कर दिया है। ”वैश्विक समय क्षेत्रों में कारोबार करने की एक्सचेंज की क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि, बढ़ा हुआ ट्रेडिंग समय NSE इंटरनेशनल एक्सचेंज को अंतरराष्ट्रीय बाजार सहभागियों को सेवाएं देने में सक्षम बनाता है।उन्होंने कहा, जापान के बाजार खुलने से पहले ही NSE इंटरनेशनल एक्सचेंज काम करना शुरू कर देता है। वहीं, अमेरिका के हवाई में बाजार बंद होने के बाद लगभग 30 मिनट तक कारोबार जारी रहने के पश्चात अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र में NSE के बाजार बंद होते हैं।”
घरेलू बाजारों में भी ट्रेडिंग का समय बढ़ाने की संभावना
घरेलू बाजारों में कारोबार का समय बढ़ाने की संभावना पर चौहान ने कहा कि, एक्सचेंज पहले से ही अलग-अलग बाजार क्षेत्रों में अलग-अलग समय-सारिणी के अनुसार काम करता है। उन्होंने बताया कि, भारत में शेयर बाजार में प्री-ओपन कारोबार सुबह 9 बजे से 9:15 बजे तक होता है, जबकि नियमित कारोबार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलता है।
उन्होंने आगे बताया कि, मुद्रा बाजार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होता है, जबकि कमोडिटी बाजार में कारोबार लगभग रात 11:30 बजे या आधी रात तक जारी रहता है। चौहान ने कहा कि, नियामकों और बाजार सहभागियों की जरूरतों के आधार पर GIFT सिटी स्थित अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र (IFSC) में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू की जा सकती है। उन्होंने कहा, तकनीकी रूप से भारत के पास यह क्षमता मौजूद है। जब भी नियामक किसी बाजार क्षेत्र में कारोबार का समय बढ़ाना चाहेंगे, तो ऐसा करना संभव होना चाहिए। हालांकि, यह नियामकीय ढांचे के साथ-साथ बाजार सहभागियों की जरूरतों पर भी निर्भर करेगा।”
NSE इंटरनेशनल एक्सचेंज की वैश्विक मौजूदगी बढ़ी
इस दौरान चौहान ने NSE इंटरनेशनल एक्सचेंज की बढ़ती वैश्विक पहुंच का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, यह प्लेटफॉर्म अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा क्षेत्र के सबसे बड़े एक्सचेंजों में से एक के रूप में उभर रहा है। उनके अनुसार, एक्सचेंज में मासिक कारोबार का मूल्य 120-130 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक दर्ज किया गया है, जबकि ओपन इंटरेस्ट लगभग 25-30 अरब अमेरिकी डॉलर के स्तर पर है। उन्होंने यह भी बताया कि, NSE इंटरनेशनल एक्सचेंज ने भारत के लिए 80 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की पूंजी जुटाने में मदद की है। इसके अलावा, इस प्लेटफॉर्म ने अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को भी आकर्षित किया है। इनमें साइप्रस की कंपनियां और श्रीलंका द्वारा जारी किए गए बॉन्ड शामिल हैं।
25 साल बाद मुंबई में WFE की वार्षिक बैठक
एनएसई की मेजबानी में लगभग 25 वर्षों बाद मुंबई में आयोजित WFE की 65वीं वार्षिक बैठक में दुनिया भर के एक्सचेंजों से 150 से अधिक मुख्य कार्यकारी स्तर के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।बैठक में निवेशकों की सुरक्षा, तकनीकी विकास और वैश्विक पूंजी बाजारों के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

















