सोने और चांदी की कीमतें 2026 के निचले स्तर पर पहुंचीं, विशेषज्ञों ने आगे भी उतार-चढ़ाव बने रहने की जताई आशंका

नई दिल्ली: मजबूत अमेरिकी डॉलर, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की आशंका और वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के चलते शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। दोनों कीमती धातुएं 2026 के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गईं। विशेषज्ञों का कहना है कि, आने वाले दिनों में भी बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। इसकी दिशा अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों, ब्याज दरों को लेकर उम्मीदों और मुद्रा बाजार की गतिविधियों पर निर्भर करेगी।

शुक्रवार को 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 4 प्रतिशत गिरकर 1,22,435 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वहीं, चांदी की कीमत में 6 प्रतिशत की भारी गिरावट आई और यह 1,48,034 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। एस्पेक्ट बुलियन एंड रिफाइनरी के सीईओ दर्शन देसाई ने कहा कि सोने और चांदी के लिए यह सप्ताह कमजोर और काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। इस दौरान चांदी में सोने के मुकाबले अधिक गिरावट दर्ज की गई।

ChiniMandi WhatsApp Channel

देसाई ने कहा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की आशंका, मजबूत डॉलर और वैश्विक बाजारों के दबाव के कारण सोने-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट आई है। चांदी की कीमतों में सोने की तुलना में ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। “उन्होंने कहा कि, कीमतों में आई इस गिरावट से उन उपभोक्ताओं की खरीदारी में कुछ दिलचस्पी बढ़ी है, जो बेहतर कीमतों का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, खुदरा मांग अभी भी सतर्क बनी हुई है। खरीदार बड़ी मात्रा में खरीदारी करने के बजाय कम मात्रा में और चरणबद्ध तरीके से खरीदारी करना पसंद कर रहे हैं।

देसाई के मुताबिक, आने वाले दिनों में अमेरिकी आर्थिक संकेतकों, ब्याज दरों की उम्मीदों और मुद्रा बाजार की चाल के आधार पर अस्थिरता बनी रह सकती है। कम कीमतों से उपभोक्ताओं की खरीदारी बढ़ सकती है, लेकिन वैश्विक परिस्थितियों को लेकर स्पष्टता आने तक बाजार में सतर्कता बनी रहने की संभावना है। इस साल 29 जनवरी को 24 कैरेट सोने की कीमत 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। इसी तरह चांदी ने भी 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम का अपना सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ था।

कोटक नियो में कमोडिटी और करेंसी रिसर्च प्रमुख अनिंद्य बनर्जी ने कहा कि कीमती धातुओं में आई यह तेज गिरावट वैश्विक वित्तीय बाजारों में व्यापक बिकवाली का हिस्सा है। निवेशक तेजी से अमेरिकी डॉलर में नकदी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

बनर्जी ने कहा, “जनवरी में बाजार ने दिखाया कि जब खरीदारी की होड़ लगती है तो कीमतें कितनी ऊपर जा सकती हैं। नवंबर में यह देखने को मिल रहा है कि जब बिकवाली की जल्दबाजी होती है तो कीमतें कितनी तेजी से नीचे आ सकती हैं। सोने और चांदी की कीमतों में लगभग सीधी गिरावट देखी जा रही है। तांबा और अन्य बेस मेटल भी दबाव में हैं। बिकवाली का असर शेयर बाजार और क्रिप्टोकरेंसी तक फैल गया है। निवेशक अमेरिकी डॉलर में नकदी तलाश रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि, डॉलर इंडेक्स करीब 104 के स्तर पर है, जो लगभग 19 महीनों का उच्च स्तर है। वहीं, दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना को बाजार ने लगभग पूरी तरह कीमतों में शामिल कर लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में कमी आने के बावजूद सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही, जो नकदी जुटाने की होड़ को दर्शाता है। बिकवाली के दबाव के बारे में बताते हुए बनर्जी ने कहा कि सट्टा कारोबार करने वाले निवेशक अपनी हिस्सेदारी घटा रहे हैं। वहीं, कुछ कारोबारी अपने पास मौजूद भंडार से नकदी जुटाने की कोशिश कर सकते हैं। इसके अलावा, उत्पादकों के पास भी कीमतों में आगे और गिरावट की आशंका के चलते हेजिंग करने का प्रोत्साहन है।

उन्होंने कहा कि, जनवरी में सट्टा खरीदारी ने कीमतों को ऊपर पहुंचाया था और शॉर्ट पोजीशन पर दबाव ने तेजी को और बढ़ाया था। अब स्थिति इसके उलट है। निवेशक अपनी हिस्सेदारी घटा रहे हैं और बिकवाली का दबाव एक-दूसरे को और मजबूत कर रहा है। बनर्जी ने आगे कहा कि, बाजार में जरूरत से ज्यादा बिकवाली हो जाने के बावजूद कीमतों में गिरावट जारी रह सकती है। ऐसा तब होता है, जब बेचने की जल्दबाजी उन स्तरों पर खरीदारी करने की सामान्य इच्छा पर भारी पड़ जाती है, जहां निवेशक आमतौर पर खरीदारी करना पसंद करते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here