शाहजहांपुर: द किसान सहकारी चीनी मिल में तकनीकी खराबी के कारण लगातार तीन दिनों तक गन्ने की तौल प्रभावित रही। मिल के बार-बार बंद होने से गन्ना लेकर पहुंचे किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और बैलगाड़ियों में लदा गन्ना खुले आसमान के नीचे धूप में पड़ा रहने से सूखने लगा। इससे किसानों को गन्ने का वजन घटने और आर्थिक नुकसान होने की चिंता सता रही है। किसान विजयवीर सिंह और ओमपाल ने बताया कि 16 नवंबर को मिल शुरू होने के बाद से ही तकनीकी समस्याएं सामने आने लगी थीं। इसके चलते तीन दिनों तक गन्ने की तौल सुचारु रूप से नहीं हो सकी। किसानों को अपनी उपज लेकर लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई।
किसानों ने गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि मिल में तौल प्रभावित होने से उन्हें अतिरिक्त परेशानी और नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, चीनी मिल के महाप्रबंधक डॉ. सुभाष यादव ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते पिछले तीन दिनों में मिल को कई बार बंद करना पड़ा था। अब तकनीकी समस्या दूर कर ली गई है और मिल का संचालन सुचारु रूप से शुरू हो गया है।

















