कर्नाटक: रानी शुगर्स में टरबाइन विस्फोट के बाद किसानों ने न्यायिक जांच और मुआवजे की मांग की

बेलगावी: एम.के. हुबली स्थित मलप्रभा सहकारी चीनी मिल (रानी शुगर्स) में टरबाइन विस्फोट के बाद किसानों के संगठनों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। किसान नेताओं ने इस घटना के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए मिल की अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चन्नराज हट्टिहोली तथा प्रबंधन मंडल पर गन्ने को निजी चीनी मिलों की ओर भेजने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

डेक्कन हेराल्ड में प्रकाशित खबर के अनुसार, किसान संगठनों ने मामले की जांच किसी मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में कराने की मांग की है। इसके साथ ही, गन्ना उत्पादकों को हुए नुकसान के लिए मुआवजा देने और क्षतिग्रस्त टरबाइन तथा मशीनरी की मरम्मत का पूरा खर्च मिल प्रबंधन से वसूलने की मांग भी की गई है। कर्नाटक राज्य रायथा संघ और हसिरु सेना के नेता प्रकाश नायक ने आरोप लगाया कि, पेराई सीजन शुरू होने से पहले टरबाइन की उचित मरम्मत और री-कंडीशनिंग नहीं कराई गई थी। किसानों के विरोध प्रदर्शन के बाद पेराई सीजन लगभग एक महीने की देरी से शुरू हुआ था। सोमवार को टरबाइन में विस्फोट होने के बाद मिल का संचालन रोकना पड़ा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

निजी मिलों की ओर गन्ना भेजने की साजिश का आरोप

प्रकाश नायक ने आरोप लगाया कि, टरबाइन विस्फोट के पीछे गन्ने को दूसरी चीनी मिलों की ओर भेजने की साजिश हो सकती है। इनमें सवदत्ती स्थित हर्षा शुगर्स, धारवाड़ की मृणाल शुगर्स और खानापुर स्थित लैला शुगर्स (भाग्यलक्ष्मी सहकारी चीनी कारखाना) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि, रानी शुगर्स ने इस सीजन में 4 लाख टन गन्ने की पेराई का लक्ष्य घोषित किया था। मिल की आर्थिक व्यवहार्यता बनाए रखने के लिए इस लक्ष्य को हासिल करना जरूरी है। लेकिन संचालन बंद होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने मांग की है कि चन्नराज हट्टिहोली और मिल प्रबंधन किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करें।

मिल अध्यक्ष की जवाबदेही तय करने की मांग

भारतीय कृषक समाज (संयुक्त) के अध्यक्ष सिदागौड़ा मोडगी ने भी इस घटना के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई कि, निजी चीनी मिलों की ओर गन्ना भेजने के उद्देश्य से टरबाइन को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया हो सकता है। उन्होंने चन्नराज हट्टिहोली से घटना की जिम्मेदारी लेने की मांग की।किसान नेता बसनगौड़ा पाटिल ने भी प्रबंधन पर आरोप लगाया कि, उसने टरबाइन और मशीनरी के वार्षिक रखरखाव एवं मरम्मत के लिए पहले से अपनाई जा रही ठेकेदारों की व्यवस्था में बदलाव किया और यह काम दूसरे लोगों को सौंप दिया। उन्होंने महाराष्ट्र सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से कटाई दलों को बुलाने के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये का अग्रिम भुगतान किए जाने पर भी सवाल उठाए। पाटिल का आरोप है कि इस फैसले से स्थानीय युवाओं के हित प्रभावित हुए हैं। किसान संगठनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, नुकसान का मुआवजा और मिल प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग दोहराई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here