कर्नाटक: होसपेटे में चीनी मिल स्थापित करने की योजना ने पकड़ी रफ्तार, सरकार ने 74 एकड़ जमीन की पहचान की

होसपेटे: कर्नाटक के होसपेटे में कलाघट्टा के पास चीनी मिल स्थापित करने की योजना ने रफ्तार पकड़ ली है। इस परियोजना के लिए 74 एकड़ सरकारी जमीन की पहचान की गई है। डेक्कन हेराल्ड में प्रकाशित खबर के अनुसार, विधायक एच. आर. गवियप्पा ने कहा कि, सरकार जल्द ही इस जमीन को लेकर अधिसूचना जारी कर सकती है। प्रस्तावित चीनी मिल को लेकर गवियप्पा ने शनिवार को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और गन्ना किसानों के नेताओं के साथ बैठक की।

इस क्षेत्र में चीनी मिल स्थापित करना किसानों की लंबे समय से मांग रही है। हाल ही में मिल की स्थापना में हो रही देरी के विरोध में किसानों ने विधायक के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था। बैठक में मौजूद सूत्रों के अनुसार, जी. एम. सिद्धेश्वर के स्वामित्व वाली हंपी शुगर्स को कलाघट्टा में प्रस्तावित चीनी मिल स्थापित करने के लिए आमंत्रित किए जाने की संभावना है। यदि कंपनी इस परियोजना में रुचि नहीं दिखाती है, तो कांग्रेस नेता रानी संयुक्ता को भी मिल स्थापित करने का निमंत्रण दिया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चर्चा के दौरान गवियप्पा ने कथित तौर पर संकेत दिया कि, राजनीतिक हित चीनी मिल की स्थापना में बाधा बन सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि, इन परिस्थितियों में उनके लिए स्वयं इस परियोजना को आगे बढ़ाना मुश्किल हो सकता है। बैठक में शामिल संगठनों और किसान समूहों के प्रतिनिधियों ने विधायक से अपना वादा पूरा करने और प्रस्तावित चीनी मिल की स्थापना सुनिश्चित करने की मांग की। यह बैठक क्षेत्र के गन्ना किसानों की स्थानीय स्तर पर गन्ना प्रसंस्करण सुविधा स्थापित करने की लगातार मांग के बीच हुई है। मिल की स्थापना में हो रही देरी क्षेत्र में विवाद का मुद्दा बनी हुई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here