उत्तर प्रदेश : गन्ने की कटाई शुरू होते ही बढ़े तेंदुओं के हमले, 10 दिनों में 11 घटनाएं

बहराइच : गन्ने की कटाई शुरू होते ही जंगल से सटे गांवों में तेंदुओं के हमलों की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, जिले में पिछले 10 दिनों के दौरान तेंदुए के हमले की 11 घटनाएं सामने आई हैं। घनी गन्ने की फसल में छिपकर रहने वाले तेंदुओं के लिए कटाई शुरू होने के बाद सुरक्षित ठिकाने कम होने लगे हैं। ऐसे में वे नए ठिकानों की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों के करीब पहुंच रहे हैं। इससे खेतों में काम करने वाले किसानों, गन्ने की छिलाई करने वाले मजदूरों और मवेशी चराने जाने वाले ग्रामीणों के लिए खतरा बढ़ गया है।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे इलाकों में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होती है। पिछले 10 दिनों में कतर्नियाघाट रेंज में तेंदुए के हमले की सबसे अधिक चार घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके अलावा नानपारा रेंज के गड़रियन पुरवा, सुजौली रेंज के ईदगाहपुरवा, चकिया रेंज के उचवा बालापुर और मुर्तिहा रेंज के लोनियनपुरवा में भी तेंदुओं ने हमले किए हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इन गांवों के आसपास गन्ने की ऊंची और घनी फसल मौजूद है। यह वन्यजीवों को छिपने और आराम करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराती है। खेतों में अचानक तेंदुए का सामना होने से ग्रामीण हमलों का शिकार हो रहे हैं।वन्यजीव विशेषज्ञ एवं पूर्व वनाधिकारी एके गौतम के अनुसार, गन्ने के खेत बाघों और तेंदुओं के लिए जंगल की तरह सुरक्षित ठिकाने का काम करते हैं। घनी फसल में उन्हें छिपने और रहने के लिए अनुकूल माहौल मिलता है।

उन्होंने बताया कि गन्ने की कटाई शुरू होने के साथ ही वन्यजीवों की यह प्राकृतिक आड़ खत्म होने लगती है। ऐसे में वे दूसरे सुरक्षित ठिकानों की तलाश में निकलते हैं और उनके आबादी के करीब पहुंचने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने जंगल से सटे गांवों में गन्ने की कटाई के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। फील्ड डायरेक्टर एच. राजा मोहन ने बताया कि हमले वाले स्थानों पर वन विभाग की टीमें तैनात की गई हैं और प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही थर्मल सेंसर कैमरों की मदद से वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here