हावेरी : कर्नाटक में गन्ने के उचित मूल्य को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। हावेरी जिले में सोमवार को गन्ना किसानों के प्रतिनिधियों और चीनी मिल मालिकों के बीच हुई बैठक बेनतीजा रहने के बाद किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धावा बोलते हुए उसका घेराव किया और गन्ने का उचित भाव देने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, जिला प्रभारी मंत्री रुद्रप्पा लामाणी की अध्यक्षता में सोमवार दोपहर जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में बैठक शुरू हुई। गन्ने के मूल्य को लेकर किसानों और चीनी मिल मालिकों के बीच कई घंटों तक चर्चा चली, जो देर रात तक जारी रही। इसी दौरान बड़ी संख्या में किसान कार्यालय के बाहर जमा होकर आंदोलन करने लगे।
3,600 रुपये प्रति टन से कम भाव मंजूर नहीं
किसान नेता चुन्नप्पा पुजेरी ने स्पष्ट किया कि, किसान अपने गन्ने का उचित मूल्य मिलने तक पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने चीनी मिलों से प्रतिटन 3,600 रुपये देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि, यदि किसानों की मांग पूरी नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। दूसरी ओर, चीनी मिल मालिकों ने आर्थिक कठिनाइयों का हवाला देते हुए कहा कि वे पहले ही प्रतिटन 3,000 रुपये देने पर सहमत हो चुके हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी को लिखित आश्वासन भी दिया गया है।
बातचीत विफल होते ही किसानों ने किया कार्यालय का घेराव
कई घंटों की बातचीत के बावजूद किसान और मिल मालिक किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके। चीनी मिल मालिकों ने 3,600 रुपये प्रति टन देने की मांग स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे किसानों का आक्रोश बढ़ गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का प्रवेश द्वार खोलकर परिसर में प्रवेश किया और मुख्य भवन के प्रवेश द्वार की ओर बढ़ते हुए घेराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने किसानों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
किसान नेता की अपील के बाद शांत हुए प्रदर्शनकारी
स्थिति बिगड़ती देख किसान नेता चुन्नप्पा पुजेरी ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गन्ने के मूल्य को लेकर बातचीत अभी जारी है, इसलिए किसानों को संयम बरतना चाहिए। उनकी अपील के बाद किसान कार्यालय परिसर में अलग-अलग स्थानों पर बैठ गए और दोबारा बातचीत शुरू हुई।
चीनी मिलर्स का 3,150 रुपये का प्रस्ताव भी ठुकराया
बातचीत के दौरान चीनी मिलर्स ने अपना प्रस्ताव बढ़ाकर प्रतिटन 3,150 रुपये कर दिया। हालांकि, किसानों के प्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव को भी अपर्याप्त बताते हुए खारिज कर दिया। किसानों ने स्पष्ट किया कि, उन्हें कम से कम प्रतिटन 3,400 रुपये मिलने चाहिए। वहीं, चीनी मिल मालिक अपनी ओर से घोषित दर से आगे बढ़ने को तैयार नहीं हुए। इस कारण दोनों पक्षों के बीच गतिरोध बना रहा और देर रात तक बातचीत जारी रही।
सड़कों पर पत्थर और कांटेदार झाड़ियां डालकर रास्ता रोका
दूसरी ओर, आंदोलनकारी किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर पत्थर और कांटेदार झाड़ियां डालकर यातायात बाधित कर दिया। इतना ही नहीं, जिलाधिकारी के आवास की ओर जाने वाली सड़क पर भी कांटेदार झाड़ियां बिछा दी गईं। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कार्यालय समय समाप्त होने के बाद अधिकारियों के परिसर से बाहर निकलने में भी परेशानी हुई। सड़क जाम को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच तीखी बहस भी हुई।
गन्ना मूल्य पर टकराव जारी, किसानों के आंदोलन पर नजर
हावेरी में गन्ने के मूल्य को लेकर किसानों और चीनी मिल मालिकों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। किसान जहां प्रतिटन कम से कम 3,400 रुपये देने की मांग पर अड़े हैं, वहीं मिल मालिक आर्थिक स्थिति का हवाला देकर अधिक भुगतान करने से बच रहे हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार इस विवाद को सुलझाने के लिए क्या कदम उठाती है और किसानों को उनकी मांग के अनुसार गन्ने का भाव मिल पाता है या नहीं।
















