हरियाणा : गन्ना किसानों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू; 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य की मांग

अंबाला : हरियाणा में गन्ना किसानों ने वर्ष 2026-27 के पेराई सीजन के लिए 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य देने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। अंबाला जिले की नारायणगढ़ चीनी मिल और कुरुक्षेत्र जिले की शाहाबाद चीनी मिल के बाहर किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। इस संबंध में ‘द ट्रिब्यून’ ने खबर प्रकाशित की है।

भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) और गन्ना किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में शुक्रवार से यह आंदोलन शुरू किया गया। नारायणगढ़ चीनी मिल में 23 नवंबर और शाहाबाद चीनी मिल में 24 नवंबर से पेराई सीजन शुरू होने वाला है। इससे पहले ही किसानों ने आंदोलन तेज कर दिया है। किसान नेताओं ने गन्ना उत्पादकों से अपील की है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे गन्ने की कटाई न करें और चीनी मिलों को गन्ने की आपूर्ति भी बंद रखें।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हरियाणा सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। वहीं, वर्ष 2027-28 के लिए इसे बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल करने का प्रस्ताव है। हालांकि, किसान बढ़ती खेती लागत और चीनी के ऊंचे बाजार भाव का हवाला देते हुए 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग कर रहे हैं।

खेती की लागत 455 रुपये प्रति क्विंटल, सरकारी भाव 430 रुपये : चढ़ूनी

भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि, राज्य सरकार की ओर से मांगों पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण किसानों ने आंदोलन तेज कर दिया है। खेती की लागत से संबंधित एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि गन्ने के उत्पादन पर लगभग 455 रुपये प्रति क्विंटल खर्च आ रहा है, जबकि सरकार ने केवल 430 रुपये प्रति क्विंटल भाव घोषित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकार किसानों को उनकी फसल का लाभकारी मूल्य देने में विफल रही है।

चढ़ूनी ने कहा कि, चीनी के दाम बढ़ने के बाद से किसान गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि गन्ने का मूल्य घोषित करने से पहले सरकार को किसान संगठनों के साथ चर्चा करनी चाहिए थी। उन्होंने किसानों से गन्ने की कटाई और चीनी मिलों को आपूर्ति रोकने की अपील की। साथ ही आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न किसान संगठनों को एकजुट करने के प्रयास किए जाने की बात कही।

15 रुपये की बढ़ोतरी से किसान नाराज

शाहाबाद में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रवक्ता राकेश बैन्स ने कहा कि, राज्यभर की चीनी मिलों के बाहर अनिश्चितकालीन धरने शुरू किए गए हैं। जब तक सरकार चालू सीजन के लिए 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि, सरकार द्वारा गन्ने के भाव में केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी किए जाने से किसान निराश हैं। चीनी के बाजार भाव में वृद्धि को देखते हुए किसानों को गन्ने के दाम में बड़ी बढ़ोतरी की उम्मीद थी, लेकिन सरकार ने उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप निर्णय नहीं लिया।

गन्ने का रकबा घटने की आशंका

राकेश बैन्स ने कहा कि, खेती की लागत लगातार बढ़ने से गन्ने की खेती किसानों के लिए मुश्किल होती जा रही है। यदि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिला, तो वे गन्ने का रकबा कम करके दूसरी फसलों की ओर रुख कर सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि, गन्ने की खेती का क्षेत्र घटने से भविष्य में चीनी उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इसका असर आने वाले समय में चीनी की उपलब्धता और बाजार कीमतों पर भी पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here