नई दिल्ली: भारत की निफ्टी-500 कंपनियों ने वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में कुल 5.14 लाख करोड़ रुपये का समायोजित शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 32 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही कंपनियों ने पिछले 12 तिमाहियों में सबसे मजबूत मुनाफा वृद्धि दर्ज की है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनियों की कमाई में मजबूत वृद्धि के पीछे बेहतर मांग, मजबूत व्यापक आर्थिक परिस्थितियां, अच्छा परिचालन प्रदर्शन और उम्मीद से बेहतर मार्जिन प्रमुख कारण रहे। वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव, आपूर्ति में बाधाओं और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बावजूद कंपनियों का प्रदर्शन मजबूत बना रहा।
रिपोर्ट में बताया गया कि, निफ्टी-500 कंपनियों की कुल बिक्री में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत, ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई (EBITDA) में 24 प्रतिशत और कर के बाद मुनाफे (PAT) में 32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को छोड़कर भी कंपनियों की बिक्री, EBITDA और मुनाफे में क्रमशः 23 प्रतिशत, 23 प्रतिशत और 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह वित्त वर्ष 2022 के बाद सबसे मजबूत तिमाही वृद्धि रही। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में OMCs को छोड़कर कंपनियों की कमाई में सालाना आधार पर 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
धातु और तेल-गैस क्षेत्र का शानदार प्रदर्शन
क्षेत्रवार प्रदर्शन की बात करें तो कंपनियों की कमाई में सबसे अधिक योगदान धातु क्षेत्र का रहा, जहां सालाना आधार पर 76 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद तेल एवं गैस क्षेत्र में 61 प्रतिशत और वित्तीय क्षेत्र में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई।ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि 24 प्रमुख क्षेत्रों में से 19 क्षेत्रों ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में दोहरे अंकों में मुनाफा वृद्धि दर्ज की। वित्तीय क्षेत्र की मजबूती में गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFCs) और बैंकों की अहम भूमिका रही। इन दोनों क्षेत्रों ने क्रमशः 21 प्रतिशत और 20 प्रतिशत की कमाई वृद्धि दर्ज की।ऑटोमोबाइल, यूटिलिटीज, कैपिटल गुड्स और सीमेंट क्षेत्रों का प्रदर्शन भी मजबूत रहा। इन क्षेत्रों में क्रमशः 34 प्रतिशत, 46 प्रतिशत, 27 प्रतिशत और 43 प्रतिशत की कमाई वृद्धि दर्ज की गई।
उपभोक्ता, हेल्थकेयर और टेक्नोलॉजी क्षेत्र की वृद्धि धीमी
दूसरी ओर, उपभोक्ता, हेल्थकेयर और टेक्नोलॉजी क्षेत्रों में कमाई की वृद्धि अपेक्षाकृत धीमी रही। इन क्षेत्रों ने क्रमशः 2 प्रतिशत, 13 प्रतिशत और 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।खास बात यह रही कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज (EMS) को छोड़कर सभी क्षेत्रों ने दूसरी तिमाही में सकारात्मक मुनाफा वृद्धि दर्ज की। इससे पता चलता है कि हाल की तिमाहियों की तुलना में इस बार कंपनियों की कमाई में व्यापक स्तर पर सुधार देखने को मिला है। कमाई के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि इनपुट लागत का दबाव, आपूर्ति श्रृंखला में बाधाएं और बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में कंपनियों का मजबूत और व्यापक प्रदर्शन उत्साहजनक है।

















