विदेशी निवेशकों के लिए एलटीसीजी टैक्स खत्म करने का सेबी का प्रस्ताव; म्यूचुअल फंड निवेशकों को भी राहत देने की सिफारिश

मुंबई : भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने विदेशी निवेशकों पर लगने वाले दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ (एलटीसीजी) कर को समाप्त करने और घरेलू म्यूचुअल फंड निवेशकों को कर राहत देने का प्रस्ताव सरकार के सामने रखा है। भारतीय शेयर बाजार को विदेशी निवेशकों के लिए अधिक आकर्षक बनाने और निवेश को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से ये सिफारिशें की गई हैं। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, सेबी ने आगामी केंद्रीय बजट से पहले सरकार को ये सुझाव दिए हैं। ये सिफारिशें फरवरी में पेश होने वाले केंद्रीय बजट के लिए सेबी की बजट-पूर्व प्रस्तुतियों का हिस्सा हैं। हालांकि, ये प्रस्ताव सरकार के लिए बाध्यकारी नहीं हैं और इन पर अंतिम निर्णय सरकार ही लेगी। रॉयटर्स ने मामले की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।

विदेशी निवेशकों को 12.5 प्रतिशत एलटीसीजी टैक्स से छूट देने का सुझाव

ChiniMandi WhatsApp Channel

सेबी ने सुझाव दिया है कि, विदेशी निवेशकों को एक वर्ष से अधिक समय तक रखे गए इक्विटी निवेश पर लागू 12.5 प्रतिशत दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ कर से छूट दी जाए। वर्तमान नियमों के अनुसार, 12 महीने से कम अवधि तक शेयर रखने वाले निवेशकों पर 20 प्रतिशत अल्पकालिक पूंजीगत लाभ कर लागू होता है। इसके अलावा शेयरों के लेन-देन पर प्रतिभूति लेन-देन कर (एसटीटी) और लाभांश पर स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) भी लागू होती है। रॉयटर्स से बातचीत में एक सूत्र ने कहा कि इन प्रस्तावों का उद्देश्य विदेशी निवेशकों पर शुरुआती कर बोझ कम करना है।

भारतीय शेयर बाजार से विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी

भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के बीच सेबी की ये सिफारिशें सामने आई हैं। इस वर्ष विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में रिकॉर्ड 31 अरब डॉलर की बिकवाली की है। वहीं, घरेलू बाजार से अपेक्षाकृत कम रिटर्न मिलने के कारण खुदरा निवेशकों का विदेशों में निवेश बढ़ा है। पिछले दो वर्षों में सेबी ने विदेशी निवेशकों के साथ कई बैठकें की थीं। रॉयटर्स के सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों में निवेशकों ने भारत की कर व्यवस्था को लेकर लगातार चिंता जताई थी।

म्यूचुअल फंड निवेशकों को भी कर राहत का प्रस्ताव

सेबी ने घरेलू म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए भी राहत देने का सुझाव दिया है। इसके तहत यदि किसी निवेशक ने म्यूचुअल फंड की यूनिट एक वर्ष से अधिक समय तक अपने पास रखी है और वह एक योजना से दूसरी योजना में निवेश स्थानांतरित करता है, तो इसे कर योग्य बिक्री नहीं माना जाना चाहिए। इस प्रस्ताव का उद्देश्य निवेशकों को योजनाओं के बीच बदलाव करते समय कर देनदारी से बचाना और उन्हें घरेलू म्यूचुअल फंड में निवेश बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।

भारतीय शेयर बाजार के रिटर्न पर भी चिंता

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दो वर्षों में भारत के प्रमुख शेयर सूचकांक निफ्टी 50 में 4.8 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि इसी अवधि में एमएससीआई उभरते बाजार सूचकांक में 40 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। मॉर्निंगस्टार के आंकड़ों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि घरेलू लार्ज-कैप इक्विटी म्यूचुअल फंड का औसत रिटर्न भी 1.6 प्रतिशत घटा है। यदि सेबी की सिफारिशें स्वीकार की जाती हैं, तो निवेशकों के रिटर्न में सुधार हो सकता है। ब्रोकरेज कंपनी आईआईएफएल के अनुमान के अनुसार, पूंजीगत लाभ कर समाप्त होने से विदेशी निवेशकों के रिटर्न में 2.3 प्रतिशत अंक तक की वृद्धि हो सकती है। यह जानकारी रॉयटर्स की रिपोर्ट में दी गई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here