केरल के मंत्री ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की मात्रा की जांच करने के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की

तिरुवनंतपुरम : केरल के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब ने राज्य में बिकने वाले पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की मात्रा की जांच करने के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने तेल विपणन कंपनियों से 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल के सैंपल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि ईंधन में एथेनॉल की वास्तविक मात्रा का सत्यापन किया जा सके। ‘द वीक’ की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लिखे पत्र में अनूप जैकब ने कहा कि, राज्य सरकार को ऐसी शिकायतें मिली हैं, जिनमें पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने से वाहनों के इंजन पर संभावित असर पड़ने की आशंका जताई गई है। उन्होंने बताया कि, राज्य का नागरिक आपूर्ति विभाग पेट्रोल पंपों से पेट्रोल के सैंपल एकत्र कर रहा है और जांच के लिए उन्हें सरकारी केमिकल एग्जामिनर्स लैबोरेटरीज में भेज रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हालांकि, जांच के नतीजों की दोबारा पुष्टि करने के लिए राज्य को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन जैसी तेल कंपनियों से बिना एथेनॉल मिश्रण वाले शुद्ध पेट्रोल के सैंपल की जरूरत है। अनूप जैकब के मुताबिक, शुरुआत में इन कंपनियों ने सैंपल उपलब्ध कराने पर सहमति जताई थी, लेकिन बाद में उन्होंने सैंपल देने से इनकार कर दिया।

दरअसल, केरल में पेट्रोल की जांच की प्रक्रिया उस समय शुरू की गई, जब पड़ोसी राज्य कर्नाटक में निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिश्रण की शिकायत सामने आई थी।जैकब ने स्पष्ट किया कि, इस जांच का उद्देश्य जनता की उन चिंताओं को दूर करना है, जिनमें पेट्रोल में निर्धारित मानकों से अधिक एथेनॉल मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि, तेल विपणन कंपनियों को आवश्यक संदर्भ सैंपल बिना किसी देरी के उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा की सही जांच की जा सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here