नई दिल्ली : टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) ने भारत में इथेनॉल आधारित वाहनों की अपनी श्रृंखला का विस्तार करते हुए फ्लेक्स-फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इनोवा हाइक्रॉस लॉन्च की है। इसकी शुरुआती कीमत 19.9 लाख रुपये रखी गई है। यह गाड़ी पेट्रोल और एथेनॉल के अलग-अलग मिश्रण से चल सकती है। ET Auto की रिपोर्ट के अनुसार, E20 ईंधन पर इसकी दावा की गई माइलेज 22.58 किलोमीटर प्रति लीटर है, जबकि पहले के E20-अनुकूल हाइब्रिड मॉडल में यह 22.16 किलोमीटर प्रति लीटर थी।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कंट्री हेड और कार्यकारी उपाध्यक्ष विक्रम गुलाटी ने कहा कि, इस तकनीक में स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन की बेहतर ईंधन दक्षता के साथ पेट्रोल-एथेनॉल के अलग-अलग मिश्रण पर चलने की सुविधा भी मिलती है। कंपनी इस लॉन्च को भारत में स्वच्छ मोबिलिटी को बढ़ावा देने की अपनी बहु-प्रौद्योगिकी रणनीति का हिस्सा बता रही है।टोयोटा अब तक भारतीय बाजार में 3 लाख से अधिक हाइब्रिड वाहन बेच चुकी है। कंपनी की योजना 2030 तक स्वच्छ मोबिलिटी से जुड़े अपने वाहन पोर्टफोलियो का और विस्तार करने की है।
कर्नाटक में तीसरे प्लांट में दिसंबर 2026 से उत्पादन की तैयारी
इसी बीच, कंपनी को उम्मीद है कि कर्नाटक के बिदादी में उसका तीसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट दिसंबर 2026 में उत्पादन शुरू कर देगा। इस प्लांट पर 3,300 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 1 लाख वाहनों की होगी। इसके शुरू होने के बाद भारत में टोयोटा की कुल स्थापित उत्पादन क्षमता बढ़कर 4.26 लाख वाहन प्रति वर्ष हो जाएगी। इस प्लांट में फ्लेक्स-फ्यूल इनोवा हाइक्रॉस का भी निर्माण किया जाएगा।कंपनी को यह भी उम्मीद है कि, कैलेंडर वर्ष 2026 में उसकी कुल वाहन बिक्री पिछले वर्ष के स्तर से अधिक रहेगी।


















