चंडीगढ़ : हरियाणा का विपक्षी दल 1 दिसंबर को कुरुक्षेत्र जिले की शाहाबाद चीनी मिल के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगा। विपक्ष की मांग है कि गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (SAP) बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। द प्रिंट की रिपोर्ट के अनुसार, विपक्ष के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसकी जानकारी दी। हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने राज्य सरकार द्वारा 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य 415 रुपये से बढ़ाकर 430 रुपये प्रति क्विंटल करने के फैसले की आलोचना की। उन्होंने 15 रुपये की इस बढ़ोतरी को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि यह किसानों के साथ अन्याय है।
सरकार ने 2027-28 के पेराई सत्र के लिए गन्ने के मूल्य में 20 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त बढ़ोतरी की भी घोषणा की है। इसके बाद गन्ने का SAP बढ़कर 450 रुपये प्रति क्विंटल हो जाएगा। हुड्डा ने कहा कि, गन्ने के मूल्य में मामूली बढ़ोतरी से किसान संतुष्ट नहीं हैं। बेहतर दाम की मांग को लेकर उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।इस बीच, गुरनाम सिंह चढ़ूनी के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) भी शाहाबाद चीनी मिल के बाहर प्रदर्शन कर रही है। संगठन की प्रमुख मांग गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करना है।

















