साओ पाउलो : ब्राजील के उत्तर और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में वर्ष 2026-27 के गन्ना सीजन के दौरान एथेनॉल उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। 30 अक्टूबर तक इन दोनों क्षेत्रों में कुल एथेनॉल उत्पादन सालाना आधार पर 37.2 प्रतिशत बढ़कर 189.7 करोड़ लीटर पर पहुंच गया है। खास बात यह है कि, इस दौरान गन्ने की पेराई में 1.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। शुगर, एथेनॉल एंड बायोएनर्जी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (NovaBio) के सर्वेक्षण में यह जानकारी सामने आई है।
इस उत्पादन में गन्ने के साथ-साथ अन्य कच्चे माल से तैयार एथेनॉल भी शामिल है। हालांकि, केवल गन्ने से बनने वाले एथेनॉल का उत्पादन 2.7 प्रतिशत घटकर 103.1 करोड़ लीटर रह गया। इसमें 60.31 करोड़ लीटर हाइड्रस एथेनॉल और 42.8 करोड़ लीटर एनहाइड्रस एथेनॉल का उत्पादन शामिल है। समीक्षाधीन अवधि में ब्राजील के उत्तर और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में कुल 231.25 लाख टन गन्ने की पेराई की गई। इसमें से 62.11 प्रतिशत गन्ने का इस्तेमाल एथेनॉल उत्पादन के लिए किया गया। वहीं, चीनी उत्पादन 1.4 प्रतिशत बढ़कर 10.64 लाख टन हो गया।
पूरे सीजन में 595.45 लाख टन गन्ना पेराई का अनुमान
वर्ष 2026-27 के पूरे सीजन में ब्राजील के उत्तर और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में गन्ने की कुल पेराई 595.45 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान है। यह पिछले सीजन की तुलना में 6.4 प्रतिशत अधिक है। 30 अक्टूबर तक चीनी मिलें अनुमानित कुल गन्ना पेराई का 38.8 प्रतिशत हिस्सा पूरा कर चुकी थीं। क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, उत्तर क्षेत्र में 56.86 लाख टन गन्ने की पेराई हुई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 3.9 प्रतिशत कम है। वहीं, पूर्वोत्तर क्षेत्र में गन्ना पेराई 1.3 प्रतिशत घटकर 174.39 लाख टन रही।
अल नीनो से अगले सीजन में उत्पादन प्रभावित होने की आशंका
NovaBio के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेनाटो कुन्हा ने कहा कि, जनवरी से जून के बीच बारिश सामान्य स्तर पर रही, जिससे गन्ने की फसल की वृद्धि को अनुकूल परिस्थितियां मिलीं। हालांकि, जुलाई से अक्टूबर के दौरान अपेक्षा से कम बारिश हुई है। इसके साथ ही अल नीनो का प्रभाव भी बढ़ रहा है।उन्होंने आशंका जताई कि, इन परिस्थितियों का असर वर्ष 2027-28 के गन्ना सीजन के उत्पादन पर पड़ सकता है। हालांकि, मौजूदा 2026-27 सीजन के उत्पादन पर इसका विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।
चीनी रिकवरी और एथेनॉल स्टॉक की स्थिति
इस दौरान अंतिम उत्पादों में कुल रिकवर योग्य चीनी (TRS) में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 1.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, प्रति टन गन्ने से प्राप्त होने वाली TRS में 0.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।30 अक्टूबर तक ब्राजील के उत्तर और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में इथेनॉल का कुल स्टॉक 28.7099 करोड़ लीटर दर्ज किया गया। इसमें 28.1804 करोड़ लीटर गन्ने से तैयार इथेनॉल शामिल था। पिछले सीजन की समान तारीख की तुलना में गन्ने से उत्पादित इथेनॉल के भंडार में 5.4 प्रतिशत की गिरावट आई है।कुल मिलाकर, ब्राजील के उत्तर और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में गन्ना पेराई घटने के बावजूद कुल इथेनॉल उत्पादन में तेजी आई है। हालांकि, कम बारिश और अल नीनो के संभावित प्रभाव के चलते अगले गन्ना सीजन में उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ रही है।


















