एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर पाबंदियों से टूटे चावल की मांग बढ़ी, कीमतों में तेजी

नई दिल्ली : भारत में चावल की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे उत्पादन में कमी और एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर लगी पाबंदियों के बाद एथेनॉल निर्माताओं की ओर से टूटे चावल (ब्रोकन राइस) की बढ़ती मांग प्रमुख कारण बनकर उभरी है। इसके अलावा, पोल्ट्री और पशु आहार निर्माताओं तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की मांग ने भी कीमतों पर दबाव बढ़ाया है। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इन कारणों से चावल के दाम में तेजी आई है।

मक्का उत्पादन में कमी के कारण उसकी कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। इसके साथ ही, एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर सरकारी पाबंदियों ने उद्योगों को विकल्प के रूप में टूटे चावल की ओर रुख करने के लिए प्रेरित किया है। इससे टूटे चावल की मांग में तेजी आई है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब चीनी की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। इससे खाद्य पदार्थों की कुल कीमतों पर दबाव और बढ़ गया है। चावल की कीमतों में सबसे तेज वृद्धि दक्षिण भारत में देखी गई है। यहां व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाली कुछ प्रीमियम गैर-बासमती किस्मों, जैसे सीरगा सांबा, सोना मसूरी, एचएमटी और बीपीटी के दाम पिछले एक साल में लगभग दोगुने हो गए हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रिपोर्ट के अनुसार, अपर्याप्त मानसूनी बारिश के कारण भारत का चावल उत्पादन एक दशक में पहली बार घटने की आशंका है। बारिश की कमी ने फसल के दाने पकने के चरण को प्रभावित किया, जिससे पैदावार में गिरावट आई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, घरेलू बाजार में चावल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए सरकार गैर-बासमती चावल पर निर्यात शुल्क लगाने या टूटे चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने जैसे उपायों पर विचार कर सकती है। हालांकि, निर्यात नियंत्रण को सख्त करने से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रभावित हो सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here