कर्नाटक सरकार ने IOC के बेंगलुरु टर्मिनल को जारी किया ‘कारण बताओ’ नोटिस, एथेनॉल और पेट्रोल की माप में मिली गड़बड़ी

बेंगलुरु : कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु के पास स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के देवनागोंठी टर्मिनल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निरीक्षण के दौरान एथेनॉल और मोटर गैसोलीन (पेट्रोल) की माप में गड़बड़ी सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। इससे निर्धारित मानकों के अनुसार ईंधन की आपूर्ति और माप की सटीकता को लेकर सवाल उठे हैं। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य सरकार ने IOC से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है।सरकार ने कंपनी को यह भी निर्देश दिया है कि, संबंधित मास फ्लो मीटर का इस्तेमाल तब तक न किया जाए, जब तक नियामकीय नियमों के अनुसार उनकी माप की सटीकता प्रमाणित नहीं हो जाती।

एथेनॉल और पेट्रोल की आपूर्ति में मिली गड़बड़ी

ChiniMandi WhatsApp Channel

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद ने बताया कि, विधिक माप विज्ञान विभाग (Legal Metrology Department) के निरीक्षण में टर्मिनल पर एथेनॉल और मोटर गैसोलीन की माप में निर्धारित सीमा से अधिक अंतर पाया गया। निरीक्षण के अनुसार, हर 3,000 लीटर एथेनॉल की आपूर्ति में 14 लीटर अधिक पाया गया। वहीं, मोटर गैसोलीन की आपूर्ति में 4 से 6 लीटर की कमी दर्ज की गई। मंत्री के मुताबिक, दोनों ही मामलों में माप का अंतर निर्धारित स्वीकार्य सीमा से अधिक था।

कर्नाटक के अन्य टर्मिनलों पर भी हो रही जांच

यह निरीक्षण कर्नाटक में एथेनॉल मिश्रण से जुड़े तेल विपणन कंपनियों (OMCs) के टर्मिनलों की व्यापक जांच का हिस्सा है। यह कार्रवाई उन चिंताओं के बीच की गई है, जिनमें कुछ ईंधन नमूनों में निर्धारित E20 सीमा से अधिक एथेनॉल मिलने की बात सामने आई थी। मंत्री अरशद ने बताया कि, इससे पहले NABL से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में 14 ईंधन नमूनों की स्वतंत्र जांच कराई गई थी। इनमें से 11 नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 20% से अधिक पाई गई। जांच में इथेनॉल की मात्रा 13.5% से लेकर 31.2% तक दर्ज की गई थी।

E20 कार्यक्रम की समीक्षा चाहता है कर्नाटक

कर्नाटक सरकार ने केंद्र सरकार से E20 कार्यक्रम के क्रियान्वयन की समीक्षा करने का आग्रह किया है। E20 कार्यक्रम के तहत पेट्रोल में 20% तक एथेनॉल मिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि, वह पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण का समर्थन करती है, लेकिन निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिलाने और ईंधन की माप में गड़बड़ी के कारण उपभोक्ताओं के हितों से समझौता नहीं होना चाहिए। सरकार का कहना है कि, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के क्रियान्वयन में निर्धारित मानकों का पालन, ईंधन की सही माप और उपभोक्ताओं को उचित मात्रा में ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करना जरूरी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here