भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण के करीब, समझौते की प्रक्रिया और रोडमैप ले रहा है आकार : पीयूष गोयल

नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि, भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता अंतिम चरण के करीब है। समझौते को पूरा करने की प्रक्रिया और उसका रोडमैप अब आकार ले रहा है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ने कथित अतिरिक्त विनिर्माण क्षमता का हवाला देते हुए भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026 को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए गोयल ने कहा, “भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण के करीब है। समझौते को अंतिम रूप देने में जो प्रक्रिया और रास्ता अब तक बाधा बने हुए थे, वे अब आकार लेने लगे हैं।”

भारतीय वस्तुओं पर 25% तक टैरिफ लगाने का अमेरिकी प्रस्ताव

ChiniMandi WhatsApp Channel

गोयल का यह बयान अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) की ओर से आए उस प्रस्ताव के बाद आया है, जिसमें धारा 301 (Section 301) के तहत जांच के आधार पर भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की बात कही गई है। यह जांच विनिर्माण क्षेत्र में कथित संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता से जुड़ी है। अमेरिका ने संकेत दिया है कि, यदि भारत जांच में सामने आए मुद्दों को दूर करने के लिए पारस्परिक व्यापार समझौते (Reciprocal Trade Agreement) पर सहमति जताता है, तो प्रस्तावित टैरिफ दर को घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है। हालांकि, इन प्रस्तावों पर अभी सार्वजनिक टिप्पणियां और सुनवाई होनी बाकी हैं। यह प्रक्रिया 25 जनवरी 2027 से शुरू होने वाली है। भारत ने अमेरिकी जांच के निष्कर्षों पर असहमति जताई है।

भारत-यूरोपीय संघ FTA पर भी इस साल हस्ताक्षर की उम्मीद

पीयूष गोयल ने कहा कि, भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। यह समझौता अगले साल मार्च या अप्रैल तक लागू हो सकता है। उन्होंने बताया कि, पिछले पांच वर्षों में भारत ने 38 विकसित देशों को शामिल करते हुए नौ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया है। इन समझौतों के जरिए भारत को ऐसे बाजारों में प्राथमिकता के आधार पर पहुंच मिली है, जिनकी संयुक्त अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 70 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। गोयल के अनुसार, भारत जिन अन्य आठ या नौ व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहा है, उनके पूरा होने से यह बाजार पहुंच बढ़कर लगभग 85 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की संयुक्त GDP वाली अर्थव्यवस्थाओं तक पहुंच सकती है।

वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि मजबूत

घरेलू अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए गोयल ने कहा कि वैश्विक स्तर पर संघर्ष, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और टैरिफ से जुड़ी बाधाओं के बावजूद भारत ने अपनी आर्थिक विकास की गति बनाए रखी है। उन्होंने कहा, “दुनिया भर में इतनी अनिश्चितताओं के बावजूद एक बात लगातार बनी रही और वह थी भारत की विकास गाथा पर दुनिया का भरोसा। हमने उस भरोसे को कायम रखा है।” गोयल ने बताया कि, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही। उन्हें उम्मीद है कि सितंबर तिमाही में भी अर्थव्यवस्था की गति बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि, सकल स्थिर पूंजी निर्माण (Gross Fixed Capital Formation) में लगभग 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि बैंक ऋण (Bank Credit) की वृद्धि दर करीब 19 प्रतिशत रही है।

सात महीनों में निर्यात 570 अरब डॉलर के करीब

वाणिज्य मंत्री के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में भारत का निर्यात लगभग 570 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। इससे मई में निर्धारित एक ट्रिलियन डॉलर के वार्षिक निर्यात लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है। अक्टूबर महीने में निर्यात लगभग 90 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। गोयल ने कहा, मुझे लगता है कि हम एक ट्रिलियन डॉलर के अपने लक्ष्य को हासिल करने की सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने इस प्रदर्शन का श्रेय निर्यातकों, विनिर्माताओं, सेवा प्रदाताओं तथा कृषि और मत्स्य क्षेत्र से जुड़े निर्यातकों को दिया।

700 अरब डॉलर से अधिक का विदेशी मुद्रा भंडार भारत की ताकत

गोयल ने कहा कि, भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 700 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है और देश का बाहरी कर्ज भी अपेक्षाकृत कम है। अर्थव्यवस्था का बढ़ता आकार और मजबूत वित्तीय स्थिति भारत को वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के प्रति पहले की तुलना में कम संवेदनशील बनाती है। उन्होंने कहा कि, कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव भारत की दीर्घकालिक आर्थिक संभावनाओं को तय करने वाला एकमात्र कारक नहीं होगा।

सेमीकंडक्टर, बिजली ग्रिड और डेटा सेंटर में निवेश से बढ़ेगी पूंजी की मांग

भविष्य की वित्तीय जरूरतों पर चर्चा करते हुए गोयल ने कहा कि सेमीकंडक्टर निर्माण इकाइयों, बिजली ग्रिड, डेटा सेंटर और बंदरगाहों में निवेश से बड़ी मात्रा में पूंजी की जरूरत पैदा होगी। उन्होंने कहा कि, आने वाले समय में निजी क्षेत्र की पूंजी निवेश की जरूरतों को पूरा करने में अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, वैश्विक बॉन्ड सूचकांकों में भारत को शामिल किए जाने से देश के ऋण बाजार (Debt Market) को मजबूती मिलेगी। गोयल ने बड़ी कंपनियों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) और बुनियादी ढांचा विकासकर्ताओं से पूंजीगत खर्च के लिए बॉन्ड बाजार को प्राथमिक विकल्प बनाने का आग्रह किया। उन्होंने संस्थागत निवेशकों से भी लंबी अवधि के ऋण में निवेश करने और केवल AAA रेटिंग वाले बॉन्ड तक सीमित न रहने की अपील की।

बॉन्ड बाजार में कारोबार को शेयर बाजार की तरह आसान बनाने पर जोर

बॉन्ड बाजार को अधिक सक्रिय और सुलभ बनाने की जरूरत पर जोर देते हुए गोयल ने कहा कि बॉन्ड का कारोबार आसान होना चाहिए।उन्होंने कहा, “बॉन्ड का कारोबार आसान बनाइए। यह शेयर बाजार की तरह होना चाहिए, जहां लेन-देन तुरंत हो सके।” गोयल के बयान से संकेत मिलता है कि सरकार व्यापार समझौतों के विस्तार के साथ-साथ निर्यात बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने और घरेलू पूंजी बाजार को मजबूत बनाने पर भी जोर दे रही है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here