भारत में चीनी की मांग 300 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान, उत्पादन 265 लाख टन रहने की संभावना: राहिल शेख

नई दिल्ली : मीर कमोडिटीज इंडिया (MEIR Commodities India) के के प्रबंध निदेशक राहिल शेख ने ‘चीनीमंडी’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि, भारत में चीनी सीजन 2026-27 के दौरान उत्पादन 265 लाख टन से 272 लाख टन के बीच रह सकता है। वहीं, उनका अनुमान है कि देश में चीनी की खपत कम से कम 300 लाख टन तक पहुंच सकती है।शेख के मुताबिक, घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति व्यवस्था को दोबारा मजबूत करने के लिए भारत सरकार को ओपन जनरल लाइसेंस (OGL) के तहत लगभग 30 लाख टन से 40 लाख टन चीनी आयात की अनुमति देनी चाहिए।साक्षात्कार में उन्होंने प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में उत्पादन की स्थिति, चीनी आयात की जरूरत और घरेलू बाजार में कीमतों की संभावित दिशा पर भी अपनी राय रखी।

सवाल: 2026-27 के लिए आपके उत्पादन अनुमान और मौजूदा खपत के रुझान को देखते हुए, इस सीजन में भारत की चीनी की मांग और आपूर्ति की स्थिति कैसी रहेगी?

ChiniMandi WhatsApp Channel

जवाब: चीनी की खपत को लेकर मेरा आकलन थोड़ा अलग है। व्यापार जगत में इस साल खपत 287 लाख टन से 288 लाख टन के आसपास मानी जा रही है, लेकिन मेरा अनुमान है कि इस साल खपत लगभग 300 लाख टन रहेगी, जबकि उत्पादन करीब 265 लाख टन रहने की संभावना है।

सीजन के दो महीने पहले ही बीत चुके हैं। सरकार ने अक्टूबर के लिए 30 लाख टन और नवंबर के लिए लगभग 26 लाख टन चीनी का कोटा जारी किया था। यदि इसी गति को 12 महीनों के आधार पर देखें, तो कुल डिस्पैच लगभग 338 लाख टन तक पहुंच सकता है।

हालांकि, आने वाले महीनों में चीनी का मासिक कोटा कुछ कम रहने की संभावना है। इसके बावजूद मेरा मानना है कि इस साल कुल डिस्पैच 300 लाख टन से 310 लाख टन के बीच रह सकता है। 300 लाख टन को न्यूनतम खपत मानकर चलना चाहिए। अन्य एजेंसियों और सरकार का अनुमान लगभग 290 लाख टन है।

सवाल: आपको क्यों लगता है कि चीनी की मांग इतनी मजबूत बनी रहेगी?

जवाब: पिछले साल बाजार की आपूर्ति श्रृंखला से स्टॉक लगभग पूरी तरह समाप्त हो गया था। जुलाई और अगस्त के आसपास स्टॉक लिमिट और व्यापारियों पर कई तरह की पाबंदियां लागू की गई थीं, जो 30 नवंबर तक जारी हैं। कोका-कोला और पेप्सी जैसी बड़ी औद्योगिक कंपनियों को भी अपनी खपत के 15 दिनों से अधिक का चीनी स्टॉक रखने की अनुमति नहीं थी। इन प्रतिबंधों के कारण पिछले साल बाजार की आपूर्ति व्यवस्था से लगभग 10 लाख टन चीनी कम हो गई।

सवाल: चर्चा है कि इस सीजन में भारत को 50 लाख टन से 60 लाख टन चीनी आयात करने की जरूरत पड़ सकती है। आपके अनुसार आयात की वास्तविक आवश्यकता कितनी है? क्या आयात केवल उत्पादन की कमी पूरी करने के लिए होगा?

जवाब: पिछले साल बाजार की आपूर्ति श्रृंखला से जो स्टॉक खत्म हुआ था, उसे किसी न किसी समय फिर से भरना जरूरी है। ऐसा नहीं होने पर बाजार में कीमतों में अचानक उछाल देखने को मिल सकता है।उदाहरण के लिए, कोलकाता में हाल ही में स्थानीय स्तर पर चीनी की कमी के कारण कीमत 60 रुपये तक पहुंच गई थी। इस तरह के अचानक मूल्य उतार-चढ़ाव से बचने के लिए बाजार की आपूर्ति व्यवस्था को फिर से मजबूत करना जरूरी है। फिलहाल भारत सरकार के लिए सबसे आसान रास्ता यही है कि लगभग 30 लाख टन से 40 लाख टन चीनी आयात की अनुमति दी जाए और इसे ओपन जनरल लाइसेंस (OGL) के तहत रखा जाए।

सवाल: 2026-27 में भारत कितना चीनी उत्पादन कर सकता है? खासकर महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश की स्थिति कैसी है? कम रिकवरी का उत्पादन अनुमान पर कितना असर पड़ा है?

जवाब: महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में स्थिति चुनौतीपूर्ण है। गन्ने का रकबा सामान्य स्तर के आसपास, यानी लगभग 5.5 से 5.7 मिलियन हेक्टेयर के दायरे में बना हुआ है। हालांकि, महाराष्ट्र और कर्नाटक में काफी दबाव देखने को मिल रहा है।इन राज्यों में अक्टूबर में ही जल्दी पेराई शुरू हो गई थी, जिसके कारण चीनी रिकवरी पर काफी असर पड़ा है। दोनों राज्यों में रिकवरी काफी कम आ रही है।

उत्तर प्रदेश में भी रिकवरी पिछले स्तर से नीचे है। राज्य में पेराई देर से शुरू हुई, लेकिन इसके बावजूद रिकवरी में लगभग आधा प्रतिशत अंक की गिरावट आई है। मेरा मानना है कि, भारतीय चीनी मिल संघ (ISMA) के उत्पादन आंकड़े काफी हद तक सही हैं। हमारा अपना अनुमान भी लगभग 270 लाख टन के आसपास था, जो ISMA के अनुमान के करीब है। मेरे हिसाब से 265 लाख टन का उत्पादन अनुमान उचित है। कुल उत्पादन 265 लाख टन से 272 लाख टन के बीच रह सकता है।

सवाल: क्या पेराई सीजन आगे बढ़ने के साथ चीनी उत्पादन अनुमान में और गिरावट आ सकती है?

जवाब: महाराष्ट्र में सबसे महत्वपूर्ण बात यह देखना होगा कि चीनी मिलें कब बंद होना शुरू होती हैं। इससे हमारे उत्पादन अनुमानों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। मेरा अनुमान है कि, राज्य की पहली चीनी मिलें 27 दिसंबर से 30 दिसंबर के बीच बंद होना शुरू हो सकती हैं। यदि मौजूदा परिस्थितियां बनी रहती हैं, तो कुल उत्पादन 265 लाख टन से 270 लाख टन के बीच रह सकता है।इस सीजन में स्थिति अभी नियंत्रण में है, लेकिन 2027-28 में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

सवाल: यदि उत्पादन लगभग 265 लाख टन रहता है, तो क्या पूरे सीजन में घरेलू मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध होगी? यदि नहीं, तो आयात कब शुरू होना चाहिए और क्या इसे चरणों में किया जाना चाहिए?

जवाब: फिलहाल बाजार में स्टॉक जमा हो रहा है, क्योंकि गन्ने की पेराई लगभग पांच महीने चलती है, जबकि चीनी की खपत पूरे 12 महीने होती है।दिसंबर से मार्च के बीच देश में उत्पादित लगभग 265 लाख टन चीनी उपलब्ध रहेगी। हालांकि, साल के बाद के महीनों में मेरा मानना है कि हमें लगभग 30 लाख टन चीनी आयात करने की जरूरत पड़ेगी।अंतरराष्ट्रीय बाजार में आयात के अवसर हमेशा उपलब्ध रहते हैं। सरकार चाहे तो आयात एक चरण में करे या चार चरणों में, दोनों विकल्प मौजूद हैं।

सवाल: चीनी आयात का घरेलू बाजार की कीमतों पर क्या असर पड़ सकता है?

जवाब: जनवरी तक चीनी की कीमतें नरम रहने की संभावना है। इसके बाद आयात समता मूल्य (Import Parity) कीमतों की दिशा तय करने में फिर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। घरेलू बाजार में चीनी की कीमतें आयात समता मूल्य के आसपास बनी रहेंगी। इसलिए मुझे कीमतों में बहुत बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है।

सवाल: किसानों की ओर से गन्ने के ऊंचे दाम की मांग को आप इस मूल्य परिदृश्य में किस तरह देखते हैं?

जवाब: उत्पादन लागत भी लगातार बढ़ रही है। किसान जिस तरह गन्ने के अधिक दाम की मांग कर रहे हैं, उसे देखते हुए उद्योग को ऊंची चीनी कीमतों के लिए तैयार रहना होगा। तभी यह उद्योग आर्थिक रूप से टिकाऊ रह सकता है।यदि किसानों को गन्ने का बेहतर मूल्य देना है और साथ ही उपभोक्ताओं के लिए चीनी की कीमतें कम रखनी हैं, तो सबसे बड़ा सवाल यह है कि इनके बीच आने वाली अतिरिक्त लागत कौन वहन करेगा?

उपभोक्ताओं को भी यह समझना होगा कि, गन्ने की कीमत बढ़ने का असर चीनी की कीमतों पर पड़ेगा। यदि किसानों को उनके गन्ने का अधिक मूल्य देना है, तो चीनी की कीमत भी बढ़ानी होगी। यह संभव नहीं है कि चीनी की कीमतें कम रखी जाएं, उद्योग भी आर्थिक रूप से चलता रहे और किसानों को गन्ने का अधिक दाम भी मिलता रहे। ऐसा करने का कोई जादुई तरीका नहीं है।

300 लाख टन खपत और 265 लाख टन उत्पादन के बीच बढ़ सकती है आपूर्ति की चुनौती ?

जवाब: मेरा आकलन चीनी की खपत को लेकर व्यापार जगत के अनुमान से अधिक है। जहां बाजार में इस साल खपत 287-288 लाख टन मानी जा रही है, वहीं मेरा अनुमान लगभग 300 लाख टन है। महाराष्ट्र में दिसंबर के अंतिम सप्ताह से चीनी मिलों के बंद होने की संभावना इस सीजन की उत्पादन स्थिति का शुरुआती संकेत दे सकती है। पिछले साल स्टॉक लिमिट और अन्य प्रतिबंधों के कारण बाजार की आपूर्ति श्रृंखला से लगभग 10 लाख टन चीनी कम हो गई थी। ऐसे में OGL के तहत 30-40 लाख टन चीनी आयात करने से घरेलू बाजार में अचानक होने वाली कीमतों की बढ़ोतरी को रोकने में मदद मिल सकती है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार आयात को लेकर क्या निर्णय लेती है और किसानों को गन्ने का बेहतर मूल्य देने तथा उपभोक्ताओं के लिए चीनी की कीमतों को नियंत्रित रखने के बीच किस तरह संतुलन बनाती है। पेराई सीजन आगे बढ़ने के साथ उत्पादन, चीनी डिस्पैच और सरकारी नीतियों से जुड़े घटनाक्रम बाजार की दिशा तय करेंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here