नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को पेमेंट बैंकों के लिए संशोधित ‘अपने ग्राहक को जानें’ (KYC) दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन नियमों के तहत मनी म्यूल गतिविधियों, साइबर माध्यम से होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी और आतंकवादी वित्तपोषण से जुड़े अत्यधिक संदिग्ध लेनदेन तथा खातों की पहचान और उन पर रोक लगाने के लिए एक समान और समयबद्ध मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू की जाएगी।नए दिशा-निर्देश 1 जुलाई 2027 से प्रभावी होंगे। हालांकि, कोई बैंक चाहे तो इससे पहले भी इस प्रक्रिया को लागू कर सकता है।
संदिग्ध खातों की पहचान के लिए तकनीकी उपाय अनिवार्य
संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार, बैंकों को वस्तुनिष्ठ मानकों के आधार पर अत्यधिक संदिग्ध लेनदेन और खातों की पहचान करने के लिए उपयुक्त तकनीकी एवं अन्य समाधान अपनाने होंगे। साथ ही, यह सुनिश्चित करना होगा कि वास्तविक और वैध खातों को गलती से संदिग्ध घोषित किए जाने की आशंका कम से कम रहे।बैंक उचित उच्च स्तर की मंजूरी के अधीन संदिग्ध लेनदेन की राशि या संबंधित खातों से डेबिट पर रोक लगा सकते हैं। आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि, बिना उचित जांच के पूरे खाते पर यांत्रिक तरीके से रोक लगाने की प्रक्रिया से बचना चाहिए।
खाता धारकों को कारण बताना होगा
डेबिट पर रोक लगाए जाने के बाद बैंकों को ग्राहकों को तुरंत डिजिटल माध्यम से सूचना देनी होगी। अन्य माध्यमों से सूचना अगले कार्यदिवस के अंत तक देना अनिवार्य होगा।सूचना में रोक लगाने का कारण, उसे हटाने की प्रक्रिया और संबंधित अधिकारी का संपर्क विवरण देना होगा। ग्राहकों को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए सात कैलेंडर दिनों का समय दिया जाएगा।आरबीआई के अनुसार, बैंक को खाताधारक से प्राप्त स्पष्टीकरण और दस्तावेजों की जांच कर जल्द निर्णय लेना होगा। यह निर्णय स्पष्टीकरण प्राप्त होने की तारीख से अधिकतम सात कैलेंडर दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा।
30 दिनों में निर्देश नहीं मिलने पर 31वें दिन हटेगी रोक
बैंक की जांच के आधार पर डेबिट रोक हटाई जा सकती है या उसे जारी रखते हुए संबंधित क्षेत्राधिकार के पुलिस प्राधिकरण को मामले की जानकारी दी जा सकती है।यदि मामले की रिपोर्ट किए जाने के 30 कैलेंडर दिनों के भीतर सक्षम प्राधिकरण की ओर से रोक जारी रखने का कोई निर्देश प्राप्त नहीं होता है, तो बैंक को 31वें दिन डेबिट रोक हटानी होगी। हालांकि, इसके लिए बैंक का खाते की विस्तृत जांच (Enhanced Due Diligence) से संतुष्ट होना आवश्यक होगा।
शिकायत निवारण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त होंगे
केंद्रीय बैंक ने पेमेंट बैंकों को शिकायतों के निवारण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने का भी निर्देश दिया है। इन अधिकारियों के संपर्क विवरण बैंकों की वेबसाइट और सभी शाखाओं में प्रमुखता से प्रदर्शित करने होंगे।आरबीआई ने कहा है कि, ग्राहकों की शिकायत मिलने पर उसकी प्राप्ति की पुष्टि की जानी चाहिए और 30 कैलेंडर दिनों के भीतर उसका समाधान करना होगा।इसके अलावा, बैंकों को डेबिट रोक लगाने और हटाने के कारणों, संबंधित रिकॉर्ड तथा ग्राहकों और पुलिस अधिकारियों के साथ हुए पत्राचार का विवरण पांच वर्षों तक सुरक्षित रखना होगा।














