E20 के बाद अब E100 पर चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों पर जोर: नितिन गडकरी

नई दिल्ली: पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (E20) के बाद सरकार अब ऐसे फ्लेक्स-फ्यूल इंजन विकसित करने पर जोर दे रही है, जो पूरी तरह इथेनॉल यानी E100 पर चल सकें। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह जानकारी दी। द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, उन्होंने यह बात मध्य प्रदेश की नई सार्वजनिक बस सेवा के उद्घाटन के अवसर पर कही। मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए गडकरी ने एथेनॉल के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि, इससे किसानों की आय बढ़ाने और भारत की आयातित पेट्रोलियम पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।उन्होंने कहा, आज किसान केवल हमारे ‘अन्नदाता’ ही नहीं, बल्कि ‘ऊर्जादाता’ भी हैं।

एथेनॉल से किसानों को लाभ का दावा

ChiniMandi WhatsApp Channel

गडकरी ने कहा कि, एथेनॉल उत्पादन के विस्तार से किसानों को लाभ मिला है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि, मक्का की कीमत करीब 1,200 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 2,600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि यही स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और स्वतंत्रता का अर्थ है। गडकरी ने बताया कि, ऐसे फ्लेक्स-फ्यूल इंजन विकसित किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह एथेनॉल पर चल सकते हैं। उन्होंने कहा कि, इस तकनीक से लैस वाहनों को भी पेश किया जाएगा।पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, गडकरी ने कहा कि, स्वच्छ ईंधन की दिशा में बदलाव से प्रदूषण और ईंधन आयात को कम करने में मदद मिल सकती है, जबकि सुरक्षा से समझौता करने की आवश्यकता नहीं होगी।

पेट्रोलियम आयात कम करने पर जोर

गडकरी के अनुसार, भारत वर्तमान में करीब 22 लाख करोड़ रुपये मूल्य का पेट्रोलियम आयात करता है। उन्होंने कहा कि एथेनॉल, बिजली, हाइड्रोजन और अन्य वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देकर आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने की आवश्यकता है। सरकार इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को भी बढ़ावा दे रही है। गडकरी ने बताया कि, इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर पहले ही बाजार में पेश किए जा चुके हैं, जबकि हाइड्रोजन से चलने वाले वाहनों पर भी काम चल रहा है।

हाइड्रोजन बसें भी चलाने की तैयारी

गडकरी ने कहा कि, वह खुद हाइड्रोजन से चलने वाले वाहन में यात्रा करते हैं। उन्होंने बताया, “मैं हाइड्रोजन वाहन में यात्रा करता हूं। इसका नाम मिराई है, जिसका अर्थ भविष्य है। ”उन्होंने यह भी बताया कि 10 मार्गों पर हाइड्रोजन बसें शुरू करने की योजना है। एथेनॉल, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और हाइड्रोजन जैसे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार के प्रयासों का उद्देश्य परिवहन क्षेत्र में स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ाना और आयातित पेट्रोलियम पर निर्भरता कम करना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here