पीलीभीत: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बर्खेड़ा स्थित बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल को स्थानीय गन्ना किसान के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान करने का अंतरिम आदेश जारी किया है। न्यायालय ने मिल को निर्देश दिया है कि, वह किसान को 4.98 लाख रुपये का बकाया भुगतान दो सप्ताह के भीतर करे। यह आदेश सोमवार को न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर और न्यायमूर्ति इंद्रजीत शुक्ला की खंडपीठ ने पीलीभीत के गन्ना किसान बलजीत सिंह द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया।
टाइम्स ऑफ़ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, याचिकाकर्ता ने 30 अप्रैल को दाखिल अपनी याचिका में बताया कि उन्होंने 2025-26 पेराई सत्र के दौरान बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल को 9.94 लाख रुपये मूल्य का गन्ना आपूर्ति किया था। इसके बावजूद मिल पर उनका 4,97,663 रुपये का भुगतान अब भी बकाया है। उत्तर प्रदेश गन्ना (आपूर्ति एवं खरीद विनियमन) अधिनियम, 1953 तथा वर्ष 1954 के नियमों के अनुसार, चीनी मिलों के लिए गन्ना खरीद के 14 दिनों के भीतर किसानों का भुगतान करना अनिवार्य है। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं होने पर मिलों पर विलंब अवधि का ब्याज भी देय होता है।
हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार (अनुपालन) को निर्देश दिया कि, आदेश की प्रति 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश गन्ना एवं चीनी आयुक्त, पीलीभीत जिलाधिकारी, संबंधित गन्ना अधिकारियों तथा बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल के महाप्रबंधक को भेजी जाए।याचिकाकर्ता के अधिवक्ता संजीव कुमार गौर ने बताया कि, इसी खंडपीठ ने सोमवार को पीलीभीत के तीन अन्य किसानों के मामलों में भी अंतरिम आदेश जारी करते हुए मिल को उनके बकाया भुगतान के निर्देश दिए हैं। इनमें माखन सिंह के 2.93 लाख रुपये, कुलवीर सिंह के 2.54 लाख रुपये तथा इंद्रजीत सिंह के 2.22 लाख रुपये का भुगतान शामिल है।


















