ऑस्ट्रेलिया की फेडरल कोर्ट ने बासमती चावल पर APEDA की अपील खारिज की

ऑस्ट्रेलिया: ऑस्ट्रेलिया की फेडरल कोर्ट ने कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) की उस अपील को खारिज कर दिया है, जिसमें एकल शब्द वाले ट्रेडमार्क “Basmati rice” के पंजीकरण की मांग की गई थी। अदालत ने फैसला सुनाया कि, ऑस्ट्रेलिया के Trade Marks Act 1995 की धारा 177(2) के तहत “Basmati rice” ऐसा शब्द चिह्न नहीं है जो APEDA द्वारा प्रमाणित उत्पादों को गैर-प्रमाणित उत्पादों से अलग पहचान दिलाने में सक्षम हो। धारा 177 प्रमाणन ट्रेडमार्क के पंजीकरण को अस्वीकार करने का अतिरिक्त आधार प्रदान करती है, यदि वह प्रमाणित वस्तुओं या सेवाओं को अन्य वस्तुओं या सेवाओं से अलग पहचानने में सक्षम नहीं है।

व्यापार विश्लेषकों और एक भौगोलिक संकेतक (GI) विशेषज्ञ ने इस फैसले के बाद भारत के GI को लेकर अपनाए गए दृष्टिकोण में कुछ कमियों की ओर इशारा किया है। “Basmati Rice: Natural History Geographical Indication” पुस्तक के लेखक एस. चंद्रशेखरन के अनुसार, भारत को बासमती के लिए व्यापक रूप से GI दर्जा हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और कनाडा जैसे ‘न्यू वर्ल्ड’ देशों में GI व्यवस्था मुख्य रूप से वाइन के लिए विकसित हुई है और वहां भारत की GI जरूरतों को पूरा करने वाली पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इसी कारण भारत को ट्रेडमार्क प्रमाणन के माध्यम से सुरक्षा हासिल करने का प्रयास करना पड़ रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चंद्रशेखरन ने सुझाव दिया कि, भारत को विश्व व्यापार संगठन (WTO) में ट्रेड-रिलेटेड इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स (TRIPS) समझौते की धारा 3 को सदस्य देशों में पूरी तरह लागू कराने की मांग करनी चाहिए, ताकि बासमती और दार्जिलिंग चाय जैसे विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके।उनके अनुसार, भारत को यह मांग भी करनी चाहिए कि विशिष्ट कृषि उत्पादों को GI का दर्जा दिया जाए।

व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि भारत को अपने विशिष्ट कृषि उत्पादों के लिए GI टैग हासिल करने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, तो उसे ऑस्ट्रेलिया सहित विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) में इन उत्पादों की सुरक्षा को शामिल कराना चाहिए था। भारत ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और केन्या में बासमती शब्द के ट्रेडमार्क पंजीकरण के प्रयासों में सफल नहीं रहा है। यूरोपीय संघ में भारत का आवेदन जुलाई 2018 से लंबित है।

APEDA ने ऑस्ट्रेलियाई ट्रेडमार्क कार्यालय के फैसले को चुनौती दी थी

GI उत्पादों की सुरक्षा और नियमन के लिए जिम्मेदार वैधानिक संस्था APEDA ने ऑस्ट्रेलियाई ट्रेडमार्क कार्यालय के रजिस्ट्रार के फैसले के खिलाफ फेडरल कोर्ट में अपील दायर की थी। APEDA ने “Basmati” शब्द को भौगोलिक संकेतक के रूप में संरक्षण देने की मांग की थी। ऑस्ट्रेलियाई ट्रेडमार्क कार्यालय ने जनवरी 2023 में APEDA के प्रमाणन ट्रेडमार्क आवेदन को खारिज कर दिया था। कार्यालय का कहना था कि बासमती चावल “केवल भारत में नहीं उगाया जाता”।

पाकिस्तान ने फैसले का स्वागत किया

इस फैसले के बाद पड़ोसी पाकिस्तान ने राहत की सांस ली है। पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने APEDA की अपील खारिज किए जाने का स्वागत किया है। ऑस्ट्रेलियाई ट्रेडमार्क कार्यालय ने अपने फैसले में नेशनल लाइब्रेरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया के साक्ष्यों पर भी भरोसा किया था। इसके अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में ‘बासमती’ और ‘राइस’ के संबंध में प्रकाशित सामग्री में पाकिस्तान को भी बासमती चावल के मूल स्थान के रूप में संदर्भित किया गया था।

TRIPS समझौते पर अदालत की टिप्पणी

न्यायमूर्ति डॉवलिंग ने माना कि TRIPS समझौते के तहत ऑस्ट्रेलिया पर GI को मान्यता देने से संबंधित दायित्व हैं। हालांकि, उनके अनुसार ये दायित्व ऑस्ट्रेलिया के ट्रेडमार्क पंजीकरण कानून के दायरे को अपने आप बढ़ाने का आधार नहीं बनते। अदालत के अनुसार, TRIPS जैसे अंतरराष्ट्रीय समझौते ऑस्ट्रेलिया के प्रमाणन ट्रेडमार्क कानून में घरेलू विशिष्टता संबंधी मानकों को पूरा किए बिना विदेशी भौगोलिक संकेतकों को स्वतः संरक्षण नहीं देते।

भारत के बासमती निर्यात के आंकड़े

APEDA ने 26 फरवरी 2019 को बासमती शब्द के ट्रेडमार्क के लिए आवेदन किया था। प्राधिकरण ने तर्क दिया कि 1988 से अगस्त 2018 के बीच भारतीय बासमती चावल की खुदरा बिक्री 3,06,095 टन से अधिक रही, जिसका मूल्य लगभग 38 करोड़ अमेरिकी डॉलर था। वहीं पाकिस्तान की बिक्री का मूल्य करीब 4.412 करोड़ अमेरिकी डॉलर बताया गया।हालांकि न्यायाधीश ने कहा कि बिक्री के आंकड़ों को मामले में सबसे निर्णायक साक्ष्य या तथ्यात्मक प्रमाण नहीं माना जा सकता।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here