बलरामपुर चीनी मिल्स को PLA को-पॉलिमर R&D सुविधा के लिए 75 करोड़ रुपये का BioE3 अनुदान

नई दिल्ली: बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (BCML) को भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग (DBT) के तहत बायोटेक्नोलॉजी इंडस्ट्री रिसर्च असिस्टेंस काउंसिल (BIRAC) से 75 करोड़ रुपये का अनुदान मिला है। कंपनी ने गुरुवार को बीएसई को दी गई नियामकीय सूचना में बताया कि, इस राशि का उपयोग 100 टन प्रति वर्ष (TPA) क्षमता वाली पॉली लैक्टिक एसिड (PLA) को-पॉलिमर अनुसंधान एवं विकास (R&D) सुविधा स्थापित करने में किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, यह अनुदान सरकार की BioE3 (Biotechnology for Economy, Environment & Employment) पहल के तहत दिया गया है। इसका उद्देश्य उन्नत जैव-आधारित सामग्रियों के विकास को बढ़ावा देना और भारत की घरेलू बायोमैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत करना है।

उत्तर प्रदेश में स्थापित होगी R&D सुविधा

ChiniMandi WhatsApp Channel

पायलट स्तर की यह अनुसंधान एवं विकास सुविधा उत्तर प्रदेश के कुंभी स्थित BCML के एकीकृत विनिर्माण परिसर में स्थापित की जाएगी। इसी परिसर में कंपनी 80,000 TPA क्षमता का वाणिज्यिक PLA विनिर्माण संयंत्र भी स्थापित कर रही है।कंपनी के अनुसार, नया R&D केंद्र नई पीढ़ी के PLA ग्रेड और को-पॉलिमर विकसित करने पर केंद्रित होगा। इसके साथ ही उत्पाद विकास, तकनीक का स्वदेशीकरण, ग्राहकों के स्तर पर उत्पाद का सत्यापन और तकनीकों को व्यावसायिक उत्पादन के लिए बड़े स्तर पर लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।

उच्च मूल्य वाले उपयोग के लिए विशेष PLA विकसित होगा

नई सुविधा में उच्च मूल्य वाले उपयोगों के लिए विशेष PLA ग्रेड और उन्नत PLA को-पॉलिमर विकसित किए जाएंगे।इसके अलावा, व्यावसायिक स्तर पर उत्पादन के लिए आवश्यक तकनीकी-आर्थिक आंकड़े और प्रक्रिया संबंधी विशेषज्ञता भी विकसित की जाएगी। यह सुविधा कुशल तकनीकी एवं वैज्ञानिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के साथ उद्योग, शैक्षणिक संस्थानों और अनुसंधान संगठनों के साथ सहयोग को भी बढ़ावा देगी। BCML ने कहा कि, यह सुविधा प्रयोगशाला स्तर के अनुसंधान और व्यावसायिक उत्पादन के बीच की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसमें ग्राहकों की आवश्यकताओं के आकलन से लेकर PLA फॉर्मूलेशन तैयार करने, पायलट सैंपल बनाने, उत्पाद के प्रदर्शन का सत्यापन करने और व्यावसायिक स्तर पर उत्पादन के लिए तकनीक तैयार करने तक विभिन्न चरण शामिल होंगे।

स्वदेशी तकनीक विकसित करने में मिलेगी मदद

अनुदान पर प्रतिक्रिया देते हुए बलरामपुर चीनी मिल्स की कार्यकारी निदेशक अवंतिका सराओगी ने कहा कि, सरकार का यह समर्थन भारत के भविष्य में उन्नत बायोमैन्युफैक्चरिंग की भूमिका को मान्यता देता है। उन्होंने कहा कि, यह सुविधा देश में स्वदेशी तकनीक और अगली पीढ़ी की जैव-आधारित सामग्रियों के विकास में मदद करेगी। साथ ही, इससे भारत में वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी।

चीनी, डिस्टिलरी और को-जनरेशन कारोबार

बलरामपुर चीनी मिल्स भारत की प्रमुख एकीकृत चीनी कंपनियों में से एक है। कंपनी चीनी, डिस्टिलरी और को-जनरेशन कारोबार में सक्रिय है।कंपनी के उत्तर प्रदेश में 10 चीनी कारखाने हैं, जिनकी कुल गन्ना पेराई क्षमता 80,000 टन प्रतिदिन (TCD) है। इसके अलावा कंपनी के पास 1,050 KLPD डिस्टिलरी क्षमता और 175.7 मेगावाट बिक्री योग्य को-जनरेशन क्षमता है। कंपनी के अनुसार, वह भारत का पहला एकीकृत वाणिज्यिक PLA विनिर्माण प्लांट भी स्थापित कर रही है, जिसकी क्षमता 80,000 TPA होगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here