भभुआ : कैमूर जिले के कुदरा में जल्द ही अनाज आधारित एथेनॉल प्लांट स्थापित किया जाएगा। राज्य सरकार ने 60 केएलपीडी क्षमता वाले इस प्लांट की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 73.45 करोड़ रुपये का निजी निवेश होगा और इसकी जिम्मेदारी मेसर्स ईएसई एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है। इस एथेनॉल प्लांट के शुरू होने से किसानों के खराब अनाज, कृषि अवशेष और पराली का बेहतर उपयोग हो सकेगा। साथ ही इससे किसानों को अपनी खराब फसल बेचने का नया विकल्प मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। प्लांट में लगभग 93 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा, जबकि सैकड़ों लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
राज्य सरकार ग्रीन फ्यूल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस परियोजना को आगे बढ़ा रही है।विशेषज्ञों का मानना है कि, इससे न केवल किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।कैमूर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सचिव विकास तिवारी ने बताया कि, एथेनॉल प्लांट कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।उन्होंने कहा कि, सरकार द्वारा पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा दिए जाने से इस क्षेत्र में निवेश की नई संभावनाएं खुली हैं।
स्थानीय किसानों के अनुसार, बारिश या बाढ़ से खराब होने वाली फसलें अक्सर बाजार में उचित दाम पर नहीं बिक पातीं। अब ऐसे खराब धान, टूटे चावल और अन्य अनुपयोगी अनाज को इथेनॉल प्लांट खरीदेगा, जिससे किसानों की चिंता कम होगी।किसानों ने यह भी कहा कि, गेहूं और धान के अवशेष, मक्का और दलहन के डंठल जैसे कृषि अपशिष्टों की बिक्री से उन्हें अतिरिक्त आमदनी का स्रोत मिलेगा। इससे खेतों में पराली जलाने की समस्या भी कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।विशेषज्ञों के अनुसार, एथेनॉल का उपयोग ईंधन के अलावा दवा, परफ्यूम, वार्निश और हैंड सैनिटाइजर जैसे उत्पादों के निर्माण में भी किया जाता है। इससे स्थानीय स्तर पर उद्योग और सहायक व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।


















