लखीमपुर खीरी: भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने शुक्रवार को गोला गोकर्णनाथ में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के नाम संबोधित था, जिसे एसडीएम कार्यालय के माध्यम से भेजा गया। जिलाध्यक्ष बलकार सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी की अनुपस्थिति में किसानों ने उनका ज्ञापन स्टेनो भगवती प्रसाद गुप्ता को सौंपा।
ज्ञापन में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से गेहूं की फसल को हुए नुकसान पर मुआवजे की प्रमुख मांग की गई। किसानों ने प्रशासन से फसल का जल्द सर्वेक्षण कराने और लागत के बजाय उपज के आधार पर उचित मुआवजा देने की अपील की। उनका कहना है कि, खेती ही उनके जीवनयापन और कर्ज चुकाने का मुख्य साधन है। इसके अलावा, गन्ना किसानों के भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया गया।


















