चीनी की बढ़ती कीमतों के लिए एथेनॉल को जिम्मेदार ठहराना गलत: केंद्र सरकार

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि, वह हाल के दिनों में चीनी की बढ़ती कीमतों पर करीब से नजर रख रही है। सरकार ने उन दावों को खारिज कर दिया है, जिनमें चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी को एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के डायवर्जन से जोड़ा जा रहा था। टाइम्स ऑफ़ इंडिया में प्रकाशित खबर के मुताबिक, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि, एथेनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट किए जाने वाले गन्ने की हिस्सेदारी में कमी आई है, जबकि देश में अब एथेनॉल उत्पादन का करीब तीन-चौथाई हिस्सा मक्का सहित अनाज से आता है।

मंत्रालय के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को चीनी की कीमत 48.18 रुपये प्रति किलो थी, जो 20 अगस्त 2026 को बढ़कर 55.70 रुपये प्रति किलो हो गई। सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और उपभोक्ताओं के लिए चीनी की पर्याप्त उपलब्धता तथा कीमतों में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठा रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

एथेनॉल के लिए गन्ने के डायवर्जन से कीमत बढ़ने का दावा गलत

मंत्रालय ने स्पष्ट कहा कि, हाल में चीनी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के लिए एथेनॉल उत्पादन हेतु चीनी के डायवर्जन को जिम्मेदार ठहराना गलत है। सरकार के मुताबिक, एथेनॉल के लिए डायवर्ट की गई चीनी की हिस्सेदारी 2022-23 में करीब 12 प्रतिशत से घटकर 2025-26 में लगभग 9 प्रतिशत रह गई है। इसके अलावा, देश में उत्पादित एथेनॉल का करीब तीन-चौथाई हिस्सा अब अनाज, विशेष रूप से मक्का से प्राप्त होता है। मंत्रालय ने चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे कई कारणों के संयोजन को जिम्मेदार बताया है। इनमें घरेलू चीनी उत्पादन में कमी, मांग में वृद्धि, जमाखोरी और वैश्विक स्तर पर चीनी की आपूर्ति में कमी प्रमुख हैं।

मंत्रालय के अनुसार, मौजूदा सीजन में चीनी उत्पादन करीब 306 लाख टन (LMT) रहने का अनुमान है। यह गन्ना उत्पादक राज्यों द्वारा लगाए गए शुरुआती 343 लाख टन के अनुमान से काफी कम है। गन्ने में रेड रॉट और टॉप बोरर रोग के साथ-साथ अत्यधिक बारिश के कारण जलभराव ने भी उत्पादन को प्रभावित किया है। हालांकि, उत्पादन अनुमान से कम रहने की संभावना है, लेकिन मंत्रालय ने कहा कि अक्टूबर में नया गन्ना पेराई सीजन शुरू होने तक घरेलू मांग को पूरा करने के लिए देश में पर्याप्त चीनी स्टॉक उपलब्ध है।

मंत्रालय ने कहा कि, वैश्विक स्तर पर चीनी की आपूर्ति में कमी ने भी कीमतों में बढ़ोतरी में योगदान दिया है। 2026-27 में वैश्विक चीनी घाटा करीब 33 लाख टन रहने का अनुमान है। मौसम संबंधी चिंताओं ने भी वैश्विक बाजार के परिदृश्य को प्रभावित किया है। इसके परिणामस्वरूप अंतरराष्ट्रीय चीनी कीमतें 30 जून 2026 को 474 डॉलर प्रति टन से बढ़कर 20 अगस्त 2026 को 552 डॉलर प्रति टन हो गईं। यानी दो महीने से भी कम समय में कीमतों में 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

जमाखोरी रोकने के लिए सरकार के कदम

मंत्रालय ने कहा कि सरकार जमाखोरी पर रोक लगाने और बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए कई कदम उठा रही है। 1 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक देशभर में चीनी डीलरों पर 400 टन की स्टॉक सीमा लागू की गई है। वहीं, 1 सितंबर से घाऊक उपभोक्ताओं को 15 दिनों की खपत से अधिक चीनी का स्टॉक रखने की अनुमति नहीं होगी। केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारियों की संयुक्त टीमें चीनी मिलों में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर रही हैं, ताकि जमाखोरी और कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके।

10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति

घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए सरकार ने एहतियाती कदम के तौर पर 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति देने का फैसला किया है। राज्यों और चीनी मिलों को 15 अक्टूबर 2026 से गन्ने की पेराई शुरू करने की सलाह दी गई है। सरकार के अनुसार, इससे अक्टूबर में चीनी उत्पादन सामान्य 3-4 लाख टन से बढ़कर 10 लाख टन से अधिक हो सकता है। इससे त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में चीनी की उपलब्धता और बेहतर होने की उम्मीद है।

एथेनॉल कार्यक्रम से किसानों और चीनी मिलों को लाभ: केंद्र

मंत्रालय ने कहा कि एथेनॉल कार्यक्रम से किसानों को लाभ मिला है और चीनी मिलों की स्थिति मजबूत हुई है।सरकार ने दोहराया कि वह चीनी के स्टॉक, कीमतों और बाजार में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी। मंत्रालय ने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं और गन्ना किसानों दोनों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। जमाखोरी और अनुचित कीमत बढ़ोतरी को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और किसानों को उनके बकाये का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

Bioenergy Times

1 COMMENT

  1. दिल्ली में 70 से 75 रुपये किलो चीनी मिल रही है इतना झूठ क्यों बोलते हो आप लोग 55 रुपए अगर मिल रही है तो मुझे दिलवा दो 10 किलो ले लूंगा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here