नई दिल्ली: भारत को पुराने दोपहिया वाहनों के लिए E10 पेट्रोल को फिर से उपलब्ध कराने पर विचार करना चाहिए। साथ ही, पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ाने से पहले खाद्य सुरक्षा, जमीन और पानी पर पड़ने वाली लागत का आकलन किया जाना चाहिए। यह बात मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) वी. अनंत नागेश्वरन और आर्थिक मामलों के विभाग के सलाहकार आकाश पूजारी ने कही है। द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक लेख में दोनों लेखकों ने कहा कि, E20 पेट्रोल को लेकर बहस केवल पुराने वाहनों के साथ इसकी अनुकूलता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।एथेनॉल की मांग बढ़ने से कृषि क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल पर पड़ने वाले व्यापक प्रभावों पर भी विचार किया जाना जरूरी है। इंडिया टुडे ने इस रिपोर्ट को प्रकाशित किया है।
E27 और E30 जैसे उच्च मिश्रण को लेकर सावधानी
लेखकों ने E27 और E30 जैसे अधिक एथेनॉल मिश्रण की दिशा में बढ़ने से पहले यह आकलन करने की जरूरत बताई कि, आवश्यक मात्रा में एथेनॉल बनाने के लिए कितनी अतिरिक्त कृषि भूमि और पानी की आवश्यकता होगी।भारत ने पिछले कुछ वर्षों में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ाया है और 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य तय समय से पहले हासिल कर लिया है। सरकार इस कार्यक्रम को कच्चे तेल के आयात में कमी, विदेशी मुद्रा की बचत और किसानों के लिए अतिरिक्त बाजार तैयार करने के उपाय के रूप में बढ़ावा देती रही है। हालांकि, एथेनॉल मिश्रण को और बढ़ाने के लिए गन्ना, मक्का और चावल जैसे कृषि उत्पादों की अधिक मात्रा की आवश्यकता होगी। लेखकों के अनुसार, इससे ईंधन उत्पादन और खाद्य पदार्थों, पशु-पक्षी चारे तथा अन्य औद्योगिक उपयोगों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।
मक्के की बढ़ती मांग चिंता का विषय
मक्का को लेकर विशेष चिंता जताई गई है। एथेनॉल उत्पादक मक्के का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि यह मुर्गीपालन और पशुपालन उद्योग के लिए भी एक महत्वपूर्ण कच्चा माल है। डिस्टिलरी की ओर से मक्के की मांग बढ़ने से इसकी कीमतों पर असर पड़ सकता है और किसानों के फसल चयन के फैसले भी बदल सकते हैं। लेखकों ने एथेनॉल उत्पादन से जुड़े जल संकट की ओर भी ध्यान दिलाया। उनके अनुसार, नीति बनाते समय केवल डिस्टिलरी में इस्तेमाल होने वाले पानी को नहीं देखना चाहिए, बल्कि एथेनॉल बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली फसलों को उगाने में लगने वाले पानी का भी हिसाब रखना चाहिए।
यह मुद्दा खास तौर पर गन्ने के मामले में महत्वपूर्ण है, क्योंकि गन्ने की खेती में बड़ी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है। लेखकों ने कहा कि जमीन, पानी और कृषि ढांचे को ईंधन उत्पादन के लिए समर्पित करने से भविष्य में नीतियों में बदलाव करना मुश्किल हो सकता है।
गन्ने को चीनी या एथेनॉल के लिए इस्तेमाल करने पर भी बहस
यह चिंता ऐसे समय सामने आई है जब सरकार गन्ने को चीनी उत्पादन और एथेनॉल उत्पादन के बीच बांटने को लेकर फैसले पर विचार कर रही है। रॉयटर्स ने इस महीने की शुरुआत में खबर दी थी कि घरेलू चीनी की आपूर्ति बढ़ाने और बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के प्रयासों के बीच सरकार गन्ने को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही थी।
पुराने दोपहिया वाहनों के लिए E10 की वापसी की मांग
नागेश्वरन और पूजारी ने पुराने दोपहिया वाहनों के लिए E10 पेट्रोल वापस लाने का भी सुझाव दिया है।उनके अनुमान के मुताबिक, BS-IV मानकों से पहले निर्मित और कार्ब्यूरेटर वाले करीब 7.5 से 8 करोड़ दोपहिया वाहन अभी भी भारतीय सड़कों पर चल रहे हैं। लेख के अनुसार, कार्ब्यूरेटर आधारित इंजन E20 पेट्रोल में मौजूद अधिक ऑक्सीजन के स्तर के साथ पर्याप्त रूप से समायोजन नहीं कर सकते। इससे ईंधन और हवा के मिश्रण तथा इंजन के तापमान पर असर पड़ सकता है। पुराने वाहनों में इस्तेमाल होने वाले रबर के कुछ पुर्जे भी अधिक इथेनॉल मिश्रण के साथ कम अनुकूल हो सकते हैं।
ऐसे वाहनों में एथेनॉल-अनुकूल पुर्जे लगाकर उन्हें अपग्रेड करना संभव है, लेकिन करोड़ों वाहनों को अपग्रेड करने में काफी समय लगेगा। ऐसे में E20 के साथ E10 पेट्रोल उपलब्ध कराना पुराने वाहनों के मालिकों के लिए एक अंतरिम विकल्प हो सकता है। इससे पूरे वाहन बेड़े के लिए आवश्यक इथेनॉल की कुल मात्रा भी कम हो सकती है।
सरकार ने E20 का किया बचाव
सरकार ने वाहनों पर E20 के प्रभाव का परीक्षण करने के बाद इसका बचाव किया है और कहा है कि फिलहाल 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल मिश्रण की ओर बढ़ने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। सरकार ने अलग-अलग एथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल के लिए देशभर में अलग-अलग विकल्प उपलब्ध कराने का भी विरोध किया है। सरकार का कहना है कि इससे वितरण और लॉजिस्टिक्स की लागत बढ़ सकती है।नागेश्वरन और पूजारी ने एथेनॉल मिश्रण के फायदे को खारिज नहीं किया है। हालांकि, उन्होंने E20 से आगे बढ़ने से पहले इसके व्यापक आर्थिक, कृषि और पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन करने की मांग की है।
उनका तर्क है कि भारत की भविष्य की एथेनॉल नीति तय करते समय केवल ऊर्जा सुरक्षा और कच्चे तेल के आयात में कमी को ही नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा, पानी की उपलब्धता और लंबे समय में फसल पैटर्न में होने वाले बदलावों को भी ध्यान में रखना होगा।
















