डीजल में 15% आइसोब्यूटेनॉल मिश्रण की तैयारी में केंद्र, जैव ईंधन अभियान को मिलेगा नया बल

नई दिल्ली: केंद्र सरकार देश में जैव ईंधन (बायोफ्यूल) कार्यक्रम के अगले चरण की तैयारी कर रही है। इसके तहत डीजल में 15 प्रतिशत तक आइसोब्यूटेनॉल मिलाने की अनुमति देने की योजना बनाई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य आयातित जीवाश्म ईंधन पर भारत की निर्भरता कम करना और स्वच्छ परिवहन ईंधनों के उपयोग को बढ़ावा देना है।केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि एथेनॉल को सीधे डीजल में नहीं मिलाया जा सकता, इसलिए सरकार एथेनॉल से आइसोब्यूटेनॉल तैयार करने पर काम कर रही है, जो डीजल का एक प्रभावी विकल्प बन सकता है। उन्होंने कहा, एथेनॉल को सीधे डीजल में मिश्रित नहीं किया जा सकता, इसलिए हम एथेनॉल से आइसोब्यूटेनॉल बना रहे हैं। आइसोब्यूटेनॉल डीजल का विकल्प बन सकता है।

गडकरी ने बताया कि, सरकार डीजल में 15 प्रतिशत आइसोब्यूटेनॉल मिश्रण की अनुमति देने की दिशा में काम कर रही है।उनके अनुसार यह कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और स्वच्छ ईंधन आधारित परिवहन व्यवस्था को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि, इस दिशा में किए गए पायलट प्रोजेक्ट्स से उत्साहजनक परिणाम मिले हैं। दो जनरेटर सेट 100 प्रतिशत एथेनॉल और आइसोब्यूटेनॉल पर सफलतापूर्वक संचालित किए जा चुके हैं, जिससे यह साबित हुआ है कि भविष्य में ऐसे इंजन विकसित किए जा सकते हैं जो पूरी तरह इन जैव ईंधनों पर चल सकें।

ChiniMandi WhatsApp Channel

विशेषज्ञों के अनुसार, आइसोब्यूटेनॉल को अगली पीढ़ी का जैव ईंधन माना जाता है। इसकी ऊर्जा घनत्व (एनर्जी डेंसिटी) अधिक होती है, यह पारंपरिक डीजल इंजनों के साथ बेहतर अनुकूलता रखता है और कई अन्य जैव ईंधनों की तुलना में कम प्रदूषण फैलाता है। नीतिनिर्माताओं का मानना है कि, आइसोब्यूटेनॉल का व्यापक उपयोग कच्चे तेल के आयात में कमी, स्वदेशी जैव ईंधन उत्पादन को बढ़ावा तथा किसानों द्वारा उत्पादित एथेनॉल कच्चे माल की मांग बढ़ाने में सहायक होगा। गडकरी का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर चल रहे ई-20 एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से जुड़े विभिन्न दावों का खंडन किया था।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि, एथेनॉल उत्पादन से जल संसाधनों पर अत्यधिक दबाव पड़ने, वाहनों के इंजन खराब होने, वाहन वारंटी या बीमा समाप्त होने तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचने जैसे दावों का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। मंत्रालय के अनुसार, भारत का एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम वैज्ञानिक अनुसंधान, नियामकीय निगरानी और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों पर आधारित है। सरकार ने यह भी बताया कि भारत ने दिसंबर 2025 में निर्धारित समय से पहले ही पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई-20) का लक्ष्य हासिल कर लिया था। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस कार्यक्रम से अब तक 1.9 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा की बचत, कच्चे तेल के आयात में कमी, कार्बन उत्सर्जन में गिरावट तथा एथेनॉल उत्पादन के लिए कच्चे माल की बढ़ी मांग के कारण किसानों की आय में वृद्धि हुई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here