पुणे: महाराष्ट्र में चीनी मिलों को जैव ईंधन और जैव ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से आय के नए स्रोत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई ‘महाराष्ट्र चीनी उद्योग जैव ईंधन एवं जैव ऊर्जा उत्पादन नीति 2026’ को मंजूरी देने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। इस नीति को मंत्रिमंडल की मंजूरी दिलाने के लिए प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इससे चीनी उद्योग के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय होने की उम्मीद है।
मंत्री समिति की बैठक में इस नीति को मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस नीति के माध्यम से चीनी मिलों को जैव ईंधन, जैव ऊर्जा और उप-उत्पाद निर्माण से जुड़ी परियोजनाएं शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
चीनी मिलों के लिए नए अवसरों के द्वार खुलेंगे
राज्य में एथेनॉल उत्पादन की 156 इकाइयों की कुल उत्पादन क्षमता 297 करोड़ लीटर है। इससे चीनी उद्योग को 7,000 करोड़ रुपये से अधिक की आय होने का अनुमान है। वहीं, सह-विद्युत उत्पादन से भी उद्योग को लगभग 1,900 करोड़ रुपये की आय हुई है।इस पृष्ठभूमि में जैव ईंधन और जैव ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने वाली नीति के तहत चीनी मिलों की आय के वैकल्पिक स्रोत बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
एथेनॉल और जैव ऊर्जा परियोजनाओं को प्रोत्साहन
इस नीति का उद्देश्य राज्य की चीनी मिलों को केवल चीनी उत्पादन पर निर्भर रहने के बजाय इथेनॉल, सह-विद्युत उत्पादन और अन्य जैव ऊर्जा परियोजनाओं के माध्यम से अपनी आय के स्रोत बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है।इसके लिए मिलों को इक्विटी पूंजी, ब्याज और पूंजीगत प्रोत्साहन के साथ-साथ वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) तथा स्टाम्प शुल्क में छूट देने का प्रस्ताव है। इन रियायतों से नई परियोजनाएं स्थापित करने और मौजूदा परियोजनाओं का विस्तार करने में मदद मिल सकती है।
चीनी उद्योग को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की पहल
दैनिक ‘सकाळ’ से बातचीत में राज्य के चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने कहा की, चीनी उद्योग को अधिक टिकाऊ और आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए जैव ईंधन एवं जैव ऊर्जा उत्पादन को प्रोत्साहित करने वाली नीति का मसौदा चीनी आयुक्तालय ने तैयार किया है। फिलहाल इस नीति पर मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया जारी है।


















