महाराष्ट्र में चीनी के स्टॉक की जांच तेज, कीमतें अब भी ऊंची

कोल्हापुर : महाराष्ट्र में चीनी की कथित जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए सरकारी टीमों ने मंगलवार को राज्यभर में गोदामों, मॉल और थोक में चीनी का इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों के परिसरों का निरीक्षण शुरू किया। हाल के हफ्तों में चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के बाद अब थोक भाव में कुछ नरमी के संकेत मिल रहे हैं। ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, जिला आपूर्ति विभाग की टीमें यह जांच कर रही हैं कि व्यापारी और थोक उपभोक्ता सरकार द्वारा निर्धारित चीनी स्टॉक की सीमा का पालन कर रहे हैं या नहीं। नियमों के अनुसार, हर महीने 10 टन से अधिक चीनी का इस्तेमाल करने वाले कारोबारी अपने मासिक इस्तेमाल की आधी मात्रा से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रख सकते। सोलापुर और छत्रपति संभाजीनगर समेत कई शहरों में अधिकारियों ने मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

सोलापुर के जिला आपूर्ति अधिकारी ओंकार पाडोले ने कहा, “चीनी विक्रेताओं और आपूर्तिकर्ताओं को 15 दिनों से अधिक का स्टॉक नहीं रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसकी कड़ाई से निगरानी के लिए जिले में 15 विशेष टीमें नियुक्त की गई हैं।” उन्होंने बताया कि ये टीमें अचानक निरीक्षण कर सकती हैं और किसी भी कारोबारी के पास निर्धारित सीमा से अधिक या अनधिकृत स्टॉक पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। कोल्हापुर के एक खुदरा विक्रेता ने बताया, हमने देखा कि कुछ ग्राहक 20 से 50 किलो तक चीनी खरीद रहे थे। नियमित ग्राहकों ने शिकायत की कि चीनी मिलना मुश्किल हो रहा है। इसलिए हमने प्रति ग्राहक खरीद की सीमा 10 किलो कर दी। उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य जमाखोरी और ऊंची कीमतों पर दोबारा बिक्री को हतोत्साहित करना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वेस्ट इंडिया शुगर मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. बी. ठोंबरे ने कहा कि, सामान्य से कम बारिश के कारण अगले सीजन में गन्ने की उपलब्धता को लेकर पैदा हुई चिंताओं के चलते बड़े व्यापारियों ने चीनी का स्टॉक जमा करना शुरू कर दिया था। ठोंबरे ने कहा, बारिश सामान्य से 10-12% कम रहने और अगले सीजन में गन्ने की उपलब्धता को लेकर चिंता के कारण बड़े व्यापारियों ने जुलाई में आक्रामक तरीके से खरीदारी बढ़ा दी। उन्होंने बताया कि, निजी चीनी मिलें अक्टूबर के मध्य तक गन्ने की पेराई शुरू करने के लिए तैयार हैं। पेराई शुरू होने से बाजार में चीनी की आपूर्ति बढ़ेगी और कीमतों को नीचे लाने में मदद मिलेगी।

राजू शेट्टी ने चीनी की आवाजाही की जांच की मांग की

किसान नेता राजू शेट्टी ने चीनी की कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी पर सवाल उठाते हुए चीनी के स्टॉक और उसकी आवाजाही की स्वतंत्र जांच की मांग की है। शेट्टी ने कहा, पिछले पेराई सीजन की शुरुआत में करीब 48 लाख टन चीनी स्टॉक में थी और उसके बाद लगभग 300 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ। इसके बावजूद कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई।”उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी मात्रा में चीनी की बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों में तस्करी की गई हो सकती है। उन्होंने कीमतों में बढ़ोतरी के कारणों की विस्तृत जांच की मांग की।शेट्टी ने यह भी कहा कि चीनी की बढ़ी हुई कीमतों का लाभ राजस्व-साझेदारी फॉर्मूले के तहत गन्ना किसानों को भी मिलना चाहिए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here