रायपुर : कबीरधाम जिले में स्थित भोरमदेव सहकारी चीनी मिल ने देश के सहकारी चीनी उद्योग में एक नई मिसाल कायम करते हुए गन्ना किसानों को समर्थन मूल्य (एफआरपी) और अतिरिक्त रिकवरी राशि का शत-प्रतिशत भुगतान कर दिया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत किसानों के खातों में 29.83 करोड़ रुपये की अंतिम किस्त सीधे हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की मौजूदगी में भुगतान प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि, समय पर किया गया यह भुगतान केवल आर्थिक लेन-देन नहीं, बल्कि किसानों के विश्वास और सहकारी व्यवस्था की सफलता का प्रतीक है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों का अपना संस्थान है, जहां लाभ कुछ लोगों तक सीमित न रहकर सभी हितधारकों तक पहुंचता है। उन्होंने सहकारिता मॉडल को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
किसानों को मिला एफआरपी और अतिरिक्त रिकवरी का पूरा भुगतान…
भोरमदेव शक्कर कारखाना के अध्यक्ष तथा कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में चालू पेराई सत्र में रिकॉर्ड भुगतान सुनिश्चित किया गया। किसानों के खातों में 6.91 करोड़ रुपये की शेष एफआरपी राशि और 22.92 करोड़ रुपये की अतिरिक्त रिकवरी राशि सहित कुल 29.83 करोड़ रुपये एकमुश्त ट्रांसफर किए गए। मिल प्रबंधन के अनुसार, सत्र 2025-26 के दौरान अब तक किसानों को कुल 107.10 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसमें 84.18 करोड़ रुपये एफआरपी और 22.92 करोड़ रुपये अतिरिक्त रिकवरी राशि शामिल है। इस तरह किसानों का संपूर्ण बकाया भुगतान पूरा कर दिया गया है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और किसानों की रही बड़ी भागीदारी…
भुगतान कार्यक्रम के दौरान कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। किसानों ने समय पर भुगतान के लिए राज्य सरकार और सहकारी चीनी मिल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया तथा इसे कृषि और ग्रामीण विकास के लिए सकारात्मक कदम बताया।


















