सैंटियागो: चिली सरकार पेट्रोल में 10% एथेनॉल मिश्रण (E10) शुरू करने की संभावना पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य ईंधन आपूर्ति की लागत कम करने और अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के असर से सरकारी वित्त को बचाना है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ऊर्जा मंत्रालय इस प्रस्ताव का अध्ययन कर रहा है।रॉयटर्स द्वारा देखे गए ऊर्जा मंत्रालय के दस्तावेजों के मुताबिक, प्रस्तावित E10 मिश्रण से ईंधन आपूर्ति लागत में सालाना करीब 10.7 करोड़ डॉलर की बचत हो सकती है। इसके तहत पेट्रोल में 10% एथेनॉल मिलाया जाएगा, जिससे पेट्रोलियम आधारित ईंधन घटकों पर देश की निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।
चिली फिलहाल ईंधन की जरूरत के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर है। रॉयटर्स द्वारा उद्धृत ओपेक के आंकड़ों के अनुसार, चिली ने 2025 में प्रतिदिन करीब 1.81 लाख बैरल कच्चे तेल का आयात किया। हाल के महीनों में वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू ईंधन व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है, जिससे ईंधन स्रोतों में विविधता लाने की जरूरत पर जोर बढ़ा है। E10 पेट्रोल में 90% पेट्रोल और 10% एथेनॉल होता है। लैटिन अमेरिका के कई देशों में इस तरह के मिश्रण का इस्तेमाल पहले से हो रहा है। इससे चिली को धीरे-धीरे MTBE (मिथाइल टर्शियरी-ब्यूटाइल ईथर) के इस्तेमाल को कम करने में भी मदद मिल सकती है। MTBE का इस्तेमाल पेट्रोल का ऑक्टेन स्तर बढ़ाने के लिए किया जाता है।
चिली में फिलहाल राष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण का कोई अनिवार्य प्रावधान नहीं है। घरेलू स्तर पर सीमित एथेनॉल उत्पादन और बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए पर्याप्त कृषि भूमि की कमी देश में एथेनॉल उद्योग विकसित करने की प्रमुख बाधाओं में रही है। प्रस्तावित बदलाव के लिए ईंधन से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं में निवेश की भी जरूरत होगी। रॉयटर्स द्वारा उद्धृत ऊर्जा मंत्रालय के ज्ञापन के अनुसार, सरकारी ऊर्जा कंपनी ENAP को रिफाइनरी सुविधाओं, टर्मिनलों और भंडारण ढांचे में बदलाव के लिए करीब 1.08 करोड़ डॉलर का निवेश करना पड़ सकता है, ताकि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को संभाला जा सके।
दस्तावेज के अनुसार, इस बदलाव को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता है। साथ ही, कार्बन टैक्स के भुगतान में संभावित कमी से निवेश की कुछ लागत की भरपाई भी हो सकती है। अमेरिकी अनाज परिषद (U.S. Grains Council) के अनुमान के अनुसार, चिली 10% एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल कर सकता है और 2030 तक इसे बढ़ाकर 15% तक किया जा सकता है। एथेनॉल के बढ़ते इस्तेमाल से MTBE की खपत भी कम हो सकती है, क्योंकि एथेनॉल पेट्रोल में उच्च ऑक्टेन घटक के रूप में काम कर सकता है। ऊर्जा मंत्रालय ने मई में जारी एक रोडमैप में ईंधन मिश्रण को भी शामिल किया था। इस रोडमैप का उद्देश्य 2030 तक ईंधन आपूर्ति के विकल्प बढ़ाना और कार्बन उत्सर्जन कम करना है।
हालांकि, E10 को अनिवार्य करने से चिली की आयातित ईंधन पर निर्भरता पूरी तरह खत्म नहीं होगी। अमेरिकी अनाज परिषद के अनुसार, चिली की मौजूदा पेट्रोल आपूर्ति का करीब 85% हिस्सा अमेरिका से आता है। ऊर्जा मंत्रालय ने भी माना है कि, एथेनॉल मिश्रण से आयात पर निर्भरता खत्म होने के बजाय उसके स्रोत में बदलाव हो सकता है। चिली में एथेनॉल की आपूर्ति मुख्य रूप से अर्जेंटीना से होती है, जबकि बोलीविया भी एथेनॉल आयात में योगदान देता है। इसलिए प्रस्तावित नीति का मुख्य उद्देश्य ईंधन के लिए आत्मनिर्भरता हासिल करना नहीं, बल्कि पेट्रोल के घटकों में विविधता लाना और अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों के उतार-चढ़ाव से चिली की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर को कम करना है।
लैटिन अमेरिका के कई देशों में एथेनॉल मिश्रण का इस्तेमाल पहले से व्यापक है। इस क्षेत्र में ब्राजील सबसे बड़ा एथेनॉल उत्पादक और उपभोक्ता है। ब्राजील का एथेनॉल बाजार करीब 20 अरब डॉलर का माना जाता है। वहां फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का बड़ा बेड़ा 30% से अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल का भी इस्तेमाल कर सकता है। चिली के लिए प्रस्तावित E10 मिश्रण उसकी पेट्रोल आपूर्ति व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव होगा। हालांकि, इसके लागू होने की अभी कोई निश्चित समयसीमा घोषित नहीं की गई है। रॉयटर्स के अनुसार, ऊर्जा मंत्रालय ने प्रस्तावित बदलाव के लिए फिलहाल कोई तारीख भी तय नहीं की है।


















petrol ka rate Rahane do ghatane ko pure petrol diye nahin Pa rahe ho 30% milakar tum kya rate doge aapk e20 wala petrol hamen nahin chahie
achcha hamen yah bataiye hamari gadi safe nahin rahegi to hamara mileage drop hoga sasta petrol karke kya karoge khak daloge sasta petrol lekar Achar dalenge aapka sasta petrol nahin chahie