जिनेवा : यूरोप के प्रमुख चीनी चुकंदर उत्पादक क्षेत्रों में भीषण गर्मी और कम बारिश के कारण फसल उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ गई है। विश्लेषण कंपनी ग्लोबलडाटा (GlobalData) के अनुसार, प्रतिकूल मौसम की स्थिति फसल के विकास के महत्वपूर्ण चरण में उस पर अतिरिक्त दबाव डाल रही है, जिससे भविष्य में चीनी उत्पादन प्रभावित हो सकता है। यूरोप के कई प्रमुख चीनी उत्पादक देशों में इस समय सामान्य से कहीं अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। ग्लोबलडाटा के विश्लेषण के अनुसार, जून महीने के दौरान फ्रांस में अधिकतम दिन का तापमान पिछले दस वर्षों के औसत की तुलना में 68 प्रतिशत अधिक रहा। वहीं, यूनाइटेड किंगडम में तापमान 62 प्रतिशत और नीदरलैंड में 55 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया।
यूरोप के अन्य देशों में भी, जहां चीनी चुकंदर एक प्रमुख कृषि फसल है, इसी तरह की भीषण गर्मी देखने को मिल रही है। इससे फसल के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। गर्मी के साथ-साथ शुष्क मौसम भी किसानों की चिंता बढ़ा रहा है। अधिकांश चीनी चुकंदर उत्पादक क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा हुई है। वहीं, ऊंचे तापमान के कारण मिट्टी की नमी तेजी से कम हो रही है, क्योंकि पानी का वाष्पीकरण अधिक हो रहा है। इससे फसल को उसके विकास के अहम चरण में अतिरिक्त तनाव का सामना करना पड़ रहा है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि, आने वाले कुछ सप्ताह चीनी चुकंदर की फसल के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे। इस अवधि में पर्याप्त नमी फसल की उत्पादकता बनाए रखने के लिए आवश्यक मानी जाती है। ऐसे में आने वाले दिनों का मौसम यह तय करने में अहम भूमिका निभाएगा कि यूरोप में चीनी चुकंदर और उससे होने वाला कुल चीनी उत्पादन कितना प्रभावित होगा।


















