नई दिल्ली : दिलीप संघाणी को हाल ही में आयोजित IFFCO-MC क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड की 47वीं बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से कंपनी का अध्यक्ष चुना गया। इस निर्णय को IFFCO सदन में बोर्ड सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में औपचारिक मंजूरी दी गई। कंपनी के अनुसार, यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारतीय कृषि क्षेत्र तकनीक के बढ़ते उपयोग, टिकाऊ खेती पर बढ़ते जोर और कृषि उत्पादकता में सुधार की आवश्यकता के चलते तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रहा है।
दिलीप संघाणी पिछले 30 वर्षों से सहकारिता क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। वह वर्तमान में इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (IFFCO) के अध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा वे भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (NAFED), नेशनल कोऑपरेटिव यूनियन ऑफ इंडिया (NCUI) तथा गुजरात स्टेट को-ऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड सहित कई संस्थाओं में महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
उन्होंने वर्ष 1991 से 2004 के बीच चार बार अमरेली लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।इसके अलावा वे गुजरात विधानसभा के सदस्य भी रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कृषि, सहकारिता और पशुपालन जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। कंपनी का मानना है कि, संघाणी के नेतृत्व में फसल सुरक्षा उत्पादों के विस्तार, टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने और ज्ञान आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों तक पहुंच मजबूत करने में मदद मिलेगी। कंपनी ने यह भी कहा कि किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने के लिए किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराने पर उसका विशेष ध्यान जारी रहेगा।

















